मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अधिकारियों संग की समीक्षा बैठक, उत्कृष्ट विद्यालय की तर्ज पर विकसित होगा परिसर
रांची, प्रतिनिधि।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सोमवार को राज्य सचिवालय में अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर रांची के जगुआर कैंपस, रिंग रोड में प्रस्तावित ‘दिशोम गुरु शिबू सोरेन आवासीय विद्यालय’ के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की। बैठक के दौरान अधिकारियों ने पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से विद्यालय परिसर की विस्तृत कार्ययोजना, निर्माण प्रक्रिया, उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाएं और भविष्य की रूपरेखा से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विद्यालय निर्माण हेतु जगुआर कैंपस में भूमि चिन्हितिकरण का कार्य शीघ्र पूरा किया जाए। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना की डीपीआर तैयार हो चुकी है तथा भूमि चयन की प्रक्रिया प्रगति पर है।

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर
बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य शहीद पुलिस कर्मियों, सेना और सीपीएमएफ में कार्यरत जवानों के बच्चों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने विद्यालय के निर्माण और संचालन में तेजी लाने के साथ समयबद्ध तरीके से कक्षाएं शुरू करने के निर्देश दिए।
उन्होंने आधुनिक शिक्षा प्रणाली पर जोर देते हुए स्मार्ट क्लासरूम, समृद्ध लाइब्रेरी, आईसीटी लैब, खेल मैदान और अन्य अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त परिसर विकसित करने को कहा।
उत्कृष्ट विद्यालय की तर्ज पर होगा संचालन
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यह आवासीय विद्यालय राज्य के उत्कृष्ट विद्यालयों के मानकों के अनुरूप संचालित किया जाएगा। कक्षा 1 से 12 तक पढ़ाई की व्यवस्था होगी, जबकि कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राओं के लिए उच्चस्तरीय आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने निर्देश दिया कि छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग हॉस्टल, सुरक्षित वातावरण और बेहतर पठन-पाठन की सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।

पुलिस परिवारों के लिए अस्पताल पर भी चर्चा
बैठक में रांची के जैप-10 होटवार में प्रस्तावित अस्पताल के संचालन पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि यह अस्पताल पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मोड पर संचालित होगा। प्रारंभिक चरण में 50 बेड की व्यवस्था होगी, जिसे आवश्यकता अनुसार 100 बेड तक विस्तारित किया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं और विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि पुलिस परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, अपर मुख्य सचिव गृह विभाग वंदना दादेल, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, डीजीपी तदाशा मिश्रा, स्कूली शिक्षा विभाग के सचिव उमाशंकर सिंह, एडीजी मुख्यालय सह सीआईडी मनोज कौशिक, डीआईजी जगुआर अनूप बिरथरे सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
