समाधि स्थल और बिरसा चौक पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की, संघर्ष व आदर्शों को बताया प्रेरणास्रोत
रांची, प्रतिनिधि।
धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार को रांची के कोकर स्थित समाधि स्थल पर श्रद्धा और सम्मान का वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर झारखंड के राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार एवं मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने भगवान बिरसा मुंडा की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इसके बाद दोनों गणमान्य व्यक्तियों ने बिरसा चौक पहुंचकर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा उनके महान योगदान को स्मरण करते हुए नमन किया।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उनके संघर्ष, त्याग और सामाजिक चेतना के संदेश को आज भी प्रासंगिक बताया। कार्यक्रम में विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि आज धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि है और यह गर्व की बात है कि उनके बलिदान और संघर्ष को लगभग सवा सौ वर्षों बाद भी पूरे देश में आदिवासी समाज सहित सभी वर्गों के लोग सम्मान और श्रद्धा के साथ याद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रेरणादायक व्यक्तित्व को स्मरण करना और उनके विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना समाज की जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अपने जीवन में अन्याय, शोषण और दमन के खिलाफ संघर्ष का जो इतिहास रचा, वह सदियों तक लोगों को प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि धरती आबा के संघर्ष, आदर्श और दिखाए गए मार्ग से समाज को नई दिशा मिलती है। उनके विचार आज भी सामाजिक न्याय, स्वाभिमान और अधिकारों की लड़ाई के लिए मार्गदर्शक बने हुए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी राज्य सरकार और प्रदेशवासी भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित करने उनके समाधि स्थल पहुंचे हैं और भविष्य में भी उनके प्रति सम्मान और श्रद्धा का यह सिलसिला निरंतर जारी रहेगा।
भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम के माध्यम से उनके बलिदान, सामाजिक जागरण और जनजातीय अस्मिता की रक्षा के लिए किए गए संघर्ष को याद किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प भी लिया।
