बरहरवा, प्रतिनिधि।
बरहरवा नगर पंचायत क्षेत्र के मुख्य बाजार स्थित राजा साइकिल दुकान से मस्जिद रोड तक प्रस्तावित पीसीसी सड़क सह स्लैब ड्रेन नाला निर्माण कार्य (योजना संख्या एफ-2/25-26) शुरू होते ही विवादों के घेरे में आ गया है। योजना के शिलान्यास से लेकर निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं को लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल उठने लगे हैं। मामले को गंभीर बताते हुए वार्ड संख्या-03 के पार्षद अमित भारती ने नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी को लिखित आवेदन देकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

पार्षद द्वारा सौंपे गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि संबंधित योजना वार्ड संख्या-03 के अंतर्गत आती है, बावजूद इसके वार्ड संख्या-02 के पार्षद द्वारा योजना का शिलान्यास कराया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किन परिस्थितियों में दूसरे वार्ड के जनप्रतिनिधि ने इस योजना का शिलान्यास किया और इसके लिए किस स्तर से अनुमति प्रदान की गई।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। योजना के तहत बनाए जा रहे नाले की जल निकासी व्यवस्था को लेकर भी संशय की स्थिति बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि नाले के पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई तो भविष्य में जलजमाव की समस्या और गंभीर हो सकती है, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

पार्षद अमित भारती ने मांग की है कि योजना से जुड़े सभी विवादित बिंदुओं की स्थलीय एवं अभिलेखीय जांच कराई जाए। साथ ही जांच पूरी होने तक निर्माण कार्य पर रोक लगाई जाए, ताकि किसी प्रकार की अनियमितता या सरकारी राशि के दुरुपयोग की संभावना को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही कार्य को आगे बढ़ाने की अनुमति दी जानी चाहिए।
इधर, मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए योजना से जुड़े कनीय अभियंता ने स्वीकार किया कि कुछ त्रुटियां हुई हैं। उन्होंने कहा कि जिन बिंदुओं पर आपत्ति जताई गई है, उनकी समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही निर्माण कार्य को तकनीकी मानकों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाएगा।
मामले के सामने आने के बाद नगर पंचायत क्षेत्र में योजना की पारदर्शिता और गुणवत्ता को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अब लोगों की निगाहें प्रशासनिक जांच और नगर पंचायत की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों और व्यक्तियों पर कार्रवाई की संभावना भी जताई जा रही है।