साहिबगंज, प्रतिनिधि।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तथा राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) को बर्खास्त करने की मांग को लेकर रविवार को जवाहर नवोदय विद्यालय, साहिबगंज के समक्ष एनएसयूआई द्वारा हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। अभियान में नीट (NEET) के विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अपना समर्थन दर्ज कराया।

यह हस्ताक्षर अभियान एनएसयूआई झारखंड के निर्देशन में जिला अध्यक्ष थॉमस रॉबर्ट के नेतृत्व में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष सत्यम कुमार यादव, सक्रिय सदस्य समीर उरांव, शिवम भगत सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे। अभियान के दौरान छात्रों और अभिभावकों ने हस्ताक्षर कर परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
इस अवसर पर एनएसयूआई जिला अध्यक्ष थॉमस रॉबर्ट ने कहा कि देश की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं, जो लाखों मेहनती छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि छात्र देश के भविष्य हैं, लेकिन बार-बार होने वाली अनियमितताओं के कारण उनका मनोबल टूट रहा है और वे मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रणाली में लगातार हो रही गड़बड़ियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए। थॉमस रॉबर्ट ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर एवं मेहनतकश परिवारों के बच्चे कठिन परिश्रम के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाएं उनकी मेहनत पर पानी फेर देती हैं। इससे छात्रों में निराशा बढ़ रही है और कई मामलों में मानसिक तनाव गंभीर रूप ले रहा है।
एनएसयूआई नेताओं ने मांग की कि परीक्षा संचालन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बनाया जाए तथा शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। अभियान के दौरान उपस्थित छात्रों एवं अभिभावकों ने भी परीक्षा प्रक्रिया में निष्पक्षता सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से संगठन ने केंद्र सरकार से परीक्षा प्रणाली में सुधार और छात्रों के हितों की रक्षा के लिए ठोस कार्रवाई करने की मांग की है।