बरहरवा, संवाददाता।
बरहरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत बरहरवा–फरक्का मुख्य पथ पर रविवार रात करीब 8:30 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बरहरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार उधवा पहाड़गांव निवासी असरफ शेख (18 वर्ष), पिता हाकिम शेख, उधवा बाकईटोला निवासी शाहिद शेख (22 वर्ष), पिता खलील शेख तथा सनाउल शेख (35 वर्ष), पिता उजिर शेख, एक काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल (पंजीकरण संख्या JH18Q-1802) पर सवार होकर बरहरवा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बरहरवा थाना क्षेत्र के केचुआ पुल के समीप विपरीत दिशा से आ रही एक अन्य बाइक से उनकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार सनाउल शेख की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि असरफ शेख और शाहिद शेख गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई।
घायल युवकों ने बताया कि दूसरी बाइक पर चालक के साथ एक महिला भी सवार थी, जिसे भी हल्की चोटें आई थीं। हालांकि दुर्घटना के तुरंत बाद दोनों मौके से फरार हो गए। पुलिस अब फरार बाइक चालक और महिला की पहचान करने में जुटी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही बरहरवा थाना के पुलिस पदाधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बरहरवा पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया। वहीं मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया गया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा फरार वाहन की तलाश में जुटी हुई है।
घटनास्थल पर बरहरवा थाना के सब इंस्पेक्टर सुदामा सिंह, रंजन कुमार एवं अनिल यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे।