22 जून से 3 अगस्त तक जिले के सभी प्रखंडों में चलेंगे शिविर, छात्रवृत्ति व सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में मिलेगी सुविधा
साहिबगंज, संवाददाता।
विद्यार्थियों को आधार से जुड़ी सेवाएं समय पर उपलब्ध कराने तथा उन्हें विभिन्न शैक्षणिक एवं सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन साहिबगंज द्वारा जिले के सभी विद्यालयों में विशेष आधार अपडेशन एवं बायोमेट्रिक अपडेट अभियान शुरू किया गया है। यह अभियान 22 जून से 3 अगस्त 2026 तक संचालित किया जाएगा।

अभियान के तहत मंगलवार को जिले के सभी प्रखंडों में चयनित 14 विद्यालयों में विशेष आधार अपडेशन शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में विद्यार्थियों के आधार कार्ड में आवश्यक संशोधन, बायोमेट्रिक अपडेट, जनसांख्यिकीय जानकारी का सुधार सहित अन्य आधार संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहले दिन आयोजित शिविरों में कुल 185 छात्र-छात्राओं के आधार से संबंधित कार्यों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया गया। आधार में त्रुटियों के कारण कई बार विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, शैक्षणिक नामांकन, परीक्षा पंजीकरण तथा अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसे ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा विद्यालय स्तर पर ही विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान यह सुनिश्चित किया जाएगा कि जिले के सभी पात्र विद्यार्थियों का आधार अद्यतन कार्य समयबद्ध एवं सुगमता के साथ पूरा हो। इससे विद्यार्थियों को भविष्य में किसी भी प्रकार की प्रशासनिक अथवा तकनीकी समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा तथा वे विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ निर्बाध रूप से प्राप्त कर सकेंगे।
जिला प्रशासन ने अभिभावकों, विद्यालय प्रबंधन समितियों तथा शिक्षकों से भी अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की है, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थियों का आधार अद्यतन कार्य निर्धारित अवधि के भीतर पूरा किया जा सके।
यह विशेष अभियान जिले के विद्यार्थियों के डिजिटल सशक्तिकरण, पारदर्शी सेवा वितरण और समावेशी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।