पतना, प्रतिनिधि।
विश्व जनसंख्या स्थिरता दिवस के अवसर पर शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पतना के तत्वावधान में केंदुआ पंचायत सचिवालय परिसर में जनसंख्या स्थिरता एवं परिवार नियोजन को लेकर व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को छोटे परिवार के महत्व, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी देवेश कुमार द्विवेदी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शमशुल हक तथा केंदुआ पंचायत के मुखिया साहबराम पावड़िया ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर अतिथियों ने जनसंख्या स्थिरता जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ पंचायत क्षेत्र के विभिन्न गांवों में भ्रमण कर लोगों को परिवार नियोजन, सुरक्षित मातृत्व एवं जनसंख्या नियंत्रण से संबंधित संदेश देगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी देवेश कुमार द्विवेदी ने कहा कि “अच्छा जीवन जीने के लिए दो बच्चे ही अच्छे हैं।” उन्होंने कहा कि बढ़ती जनसंख्या पर नियंत्रण समाज और देश के संतुलित विकास के लिए आवश्यक है। उन्होंने लोगों से परिवार नियोजन के उपाय अपनाने तथा जनसंख्या स्थिरता अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। साथ ही उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में भी आमजनों से बढ़-चढ़कर सहयोग करने का आह्वान किया।

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शमशुल हक ने कहा कि परिवार नियोजन के माध्यम से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ परिवार ही समृद्ध समाज की नींव होता है। उन्होंने उपस्थित सहियाओं को निर्देश दिया कि वे घर-घर जाकर दंपतियों को परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी साधनों की जानकारी दें तथा उन्हें स्वास्थ्य विभाग द्वारा उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम के दौरान नवविवाहित दंपतियों को परिवार नियोजन एवं स्वस्थ पारिवारिक जीवन के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से 12 दंपतियों को ‘नई पहल किट’ प्रदान कर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य नवविवाहितों में जिम्मेदार अभिभावक बनने की भावना विकसित करना तथा स्वस्थ एवं खुशहाल परिवार की अवधारणा को मजबूत करना है।
इस अवसर पर मुखिया साहबराम पावड़िया, एमटीएस असीमुल हक, बीटीटी कृपासिंधु रजक, सहिया साथी बीना देवी सहित सहिया संगीता देवी, सीमा देवी, अंजू देवी, शीला देवी, सबीना टुडू, सलखन सोरेन एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान जनसंख्या स्थिरता, परिवार नियोजन और स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी लोगों को दी गई।