बरहरवा, प्रतिनिधि।
बरहरवा रेलवे स्टेशन पर अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को बड़ी सफलता मिली है। शनिवार की रात फरक्का एक्सप्रेस के जनरल कोच से लावारिस अवस्था में 18 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 14 हजार रुपये आंकी गई है। मामले में आरपीएफ ने शराब को जब्त कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, साहिबगंज को सूचित कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 11 जुलाई 2026 को विश्वसनीय सूचना के आधार पर आरपीएफ पोस्ट बरहरवा के निरीक्षक संजीव कुमार के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक बी.एन. टुडू तथा ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल आकाशदीप नायक द्वारा गाड़ी संख्या 15733 अप फरक्का एक्सप्रेस में अवैध शराब की तस्करी की रोकथाम के उद्देश्य से विशेष जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान रात लगभग 8:45 बजे जब फरक्का एक्सप्रेस बरहरवा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर पहुंची, तब जनरल कोच संख्या SER-257537 की एक सीट के नीचे एक संदिग्ध प्लास्टिक का बैग लावारिस अवस्था में पड़ा मिला। आरपीएफ जवानों ने कोच में मौजूद यात्रियों से कई बार पूछताछ की, लेकिन किसी भी यात्री ने बैग पर अपना दावा नहीं किया।
इसके बाद आरपीएफ टीम ने नियमानुसार बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग से पश्चिम बंगाल ब्रांड की ऑफिसर्स चॉइस एलीट व्हिस्की के 180-180 मिलीलीटर के कुल 100 पाउच बरामद हुए। बरामद शराब की कुल मात्रा 18 लीटर तथा अनुमानित बाजार मूल्य 14 हजार रुपये बताया गया।
चूंकि बरामद शराब लावारिस अवस्था में मिली थी, इसलिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस), 2023 के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शराब को विधिवत जब्त कर सुरक्षित अभिरक्षा में आरपीएफ पोस्ट, बरहरवा लाया गया। साथ ही मामले में आगे की कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, साहिबगंज को सूचना भेज दी गई है।
आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि रेलवे के माध्यम से होने वाली अवैध शराब की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए ट्रेनों एवं रेलवे स्टेशनों पर नियमित रूप से सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। आने वाले दिनों में भी इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
