17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक चलेगा विशेष अभियान, रक्तदान शिविरों पर होगा विशेष जोर
गोपाल शर्मा
झारखंड/ साहिबगंज
महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण और मातृ–शिशु कल्याण को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से “स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार अभियान” के सफल संचालन की तैयारी शुरू हो गई है। इसी क्रम में आज जिला जनसंपर्क कार्यालय, सूचना भवन साहिबगंज में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान ने की।

बैठक में जिले के विभिन्न रक्तदाता संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं समाजसेवियों ने भाग लिया। सभी ने आगामी 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर 2025 तक चलने वाले इस विशेष अभियान को सफल बनाने के लिए अपनी-अपनी भूमिकाएँ स्पष्ट कीं।
“स्वस्थ नारी ही सशक्त परिवार की आधारशिला है। महिलाओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा और रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। रक्तदान सेवा से हम मातृ स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने और एनीमिया जैसी गंभीर समस्या से निपटने में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।”:- सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान
अभियान अवधि के दौरान महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण शिविर एवं रक्तदान शिविरों का समन्वित आयोजन किया जाएगा, विभिन्न स्वयंसेवी संगठन, युवा समूह और शैक्षणिक संस्थान अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करेंगे, एनीमिया मुक्त भारत अभियान से जोड़ते हुए विशेष रक्तदान शिविर आयोजित होंगे, रक्तदान करने वाले युवाओं एवं संगठनों को सम्मानित किया जाएगा।
सहभागी संगठन
इस अवसर पर उमाअमृता फाउंडेशन, NSS साहिबगंज, गायत्री परिवार ट्रस्ट सहित कई अन्य संगठन शामिल हुए। सभी ने मिलकर इस अभियान को सामूहिक प्रयासों से सफल बनाने का संकल्प लिया।
अंत में सिविल सर्जन ने जिले के सभी नागरिकों, विशेषकर युवाओं से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान कर समाजहित में योगदान दें और “स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार अभियान” को जन-जन तक पहुँचाने में सहयोग करें।