फुटबॉल, एथलेटिक्स, कुश्ती, बैडमिंटन और कबड्डी के खिलाड़ियों का हुआ चयन
गोपाल शर्मा
झारखंड/ साहिबगंज
खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय, झारखंड, रांची के निर्देशानुसार जिले में खेल प्रतिभाओं को अवसर प्रदान करने हेतु खेल प्रतिभा खोज चयन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता आज प्रातः 10 बजे से सिदो-कान्हु स्टेडियम, साहिबगंज में जिला खेल कार्यालय द्वारा आयोजित की गई।
प्रतियोगिता में जिले भर से बड़ी संख्या में बालक एवं बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों का चयन एनएसटीसी नॉर्म्स के तहत किया गया, जिसमें वजन, ऊँचाई, बाल थ्रो, 30 मीटर दौड़, 60 मीटर दौड़, 6×10 मीटर शटल दौड़, 800 मीटर दौड़ सहित खेल विशेष की विभिन्न ट्रायल्स लिए गए।

दो आयु वर्ग के खिलाड़ियों का हुआ चयन
आवासीय प्रशिक्षण केंद्र एवं जेएसएसपीएस प्रशिक्षण केंद्र हेतु 10 से 14 वर्ष आयु वर्ग (1 अप्रैल 2012 से 1 अप्रैल 2016 के बीच जन्मे खिलाड़ी) के लिए एथलेटिक्स, फुटबॉल, बैडमिंटन (बालक एवं बालिका), कुश्ती (बालक) और कबड्डी (बालक) में चयन किया गया।
वहीं सेंटर ऑफ एक्सीलेंस प्रशिक्षण केंद्र हेतु 16 से 22 वर्ष आयु वर्ग (1 अप्रैल 2004 से 1 अप्रैल 2010 के बीच जन्मे खिलाड़ी) के लिए फुटबॉल, बैडमिंटन एवं कुश्ती (बालक एवं बालिका) में चयन प्रक्रिया सम्पन्न हुई।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में होंगे शामिल
जिला स्तर पर चयनित खिलाड़ी आगामी 24-25 सितंबर को रांची में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतिभा खोज चयन प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। वहीं चयन प्रक्रिया का दूसरा चरण 19 सितंबर को भी जारी रहेगा।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड एवं विद्यालय से प्राप्त बोनाफाइड प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य किया गया है।

इस अवसर पर खेल प्रशिक्षक अशोक कुमार, प्रकाश सिंह बादल, निमाई चौधरी, खेल शिक्षक मनोज कुमार, आदित्य कुमार, वीरेंद्र कुमार, सुनील किस्कू समेत कई खेल प्रेमी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रतिभा खोज से जुड़ी विस्तृत जानकारी हेतु जिला खेल समन्वयक कौशल किशोर मरांडी (मो. 84093 93082) से संपर्क किया जा सकता है।
