आत्मनिर्भर भारत एवं जीएसटी पर कार्यशाला, नेताओं ने रखे विचार
गोपाल शर्मा
झारखंड/ साहिबगंज।
बरहरवा आर.बी. प्लेस में आज पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर जिला स्तरीय गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष उज्ज्वल मंडल ने की। इस मौके पर आत्मनिर्भर भारत एवं जीएसटी विषय पर भी एक जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा जिला अध्यक्ष उज्ज्वल मंडल ने स्वागत भाषण के साथ किया। उन्होंने उपस्थित अतिथियों का अभिनंदन करते हुए कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन दर्शन हमें अंत्योदय की भावना और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुँचाने की प्रेरणा देता है।
गोष्ठी में क्रमवार वक्ताओं ने पंडित उपाध्याय के जीवन एवं उनके विचारों पर प्रकाश डाला।
पूर्व जिला अध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल ने कहा कि उपाध्याय जी का एकात्म मानववाद आज भी प्रासंगिक है और समाज को नई दिशा देता है।
पूर्व प्रदेश महामंत्री कमल कृष्ण भगत ने अपने संबोधन में कहा कि उनकी विचारधारा से ही आत्मनिर्भर भारत का संकल्प साकार होगा।

कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री कुसुमाकर तिवारी ने किया।
जीएसटी में संशोधन की सराहना
गोष्ठी में वक्ताओं ने हाल ही में किए गए जीएसटी संशोधनों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 140 करोड़ देशवासियों को त्योहारी सीजन में एक बड़ा तोहफ़ा दिया है। स्लैब में कमी आने से निम्न, मध्यम और उच्च सभी वर्गों को लाभ मिलेगा।

आत्मनिर्भर भारत पर चर्चा
कार्यशाला में आत्मनिर्भर भारत पर भी विस्तृत विमर्श हुआ। वक्ताओं ने कहा कि भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्रों की श्रेणी में शामिल होगा। इसके लिए स्वदेशी वस्तुओं के प्रयोग, स्थानीय उत्पादों की खरीद और देशज उद्योगों को बढ़ावा देने पर बल दिया गया।
इस अवसर पर भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इनमें पूर्व जिला अध्यक्ष रणधीर सिंह, जिला उपाध्यक्ष ललित पासवान, संजीव गुप्ता, सूरज चौधरी, अजय चौधरी, कुणाल मंडल, निर्मल शाह, निमाई मंडल, धर्मराज मंडल, विक्रम सरकार, मनोज ठाकुर, रविंद्र भगत सहित अनेक कार्यकर्ता सम्मिलित हुए।
