रांची संवाददाता।
राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज रांची में आयोजित स्वास्थ्य विभाग के नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में चयनित सहायक प्राध्यापकों, दंत चिकित्सकों और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत नियुक्त संविदा आधारित चिकित्सा पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे।

कार्यक्रम में झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) द्वारा चयनित अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी नव-नियुक्त पदाधिकारियों एवं उनके परिजनों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊर्जा और मजबूती प्रदान करने वाला कदम है।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा –
“हम सब जानते हैं कि समाज में डॉक्टर को भगवान का दर्जा दिया जाता है। लोगों की उम्मीदें और अपेक्षाएं आप सभी से जुड़ी होती हैं। गरीबों और जरूरतमंदों की सेवा करना ही सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।”
उन्होंने नव-नियुक्त चिकित्सकों से अपेक्षा जताई कि वे निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे और राज्य के दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भी गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में अग्रणी भूमिका निभाएंगे।
गरीबों और जरूरतमंदों के लिए बेहतर सेवाओं का संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि JPSC और NHM के माध्यम से चयनित चिकित्सक आने वाले समय में राज्य की बड़ी आबादी को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि नए पदाधिकारी राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई दिशा और गति प्रदान करेंगे।

इस समारोह को स्वास्थ्य विभाग की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। लंबे समय से चिकित्सा क्षेत्र में मानव संसाधन की कमी दूर करने की दिशा में यह कदम महत्वपूर्ण साबित होगा। राज्य सरकार के अनुसार आने वाले समय में और भी नियुक्तियां की जाएंगी ताकि प्रत्येक नागरिक को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध हो सके।