गोपाल शर्मा
झारखंड/ पाकुड़ ।
दुर्गा पूजा महोत्सव को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। रविवार को उपायुक्त श्री मनीष कुमार एवं उप विकास आयुक्त ने संयुक्त रूप से हिरणपुर प्रखंड के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विधि-व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, यातायात नियंत्रण और पंडालों में सुरक्षा मानकों की वस्तुस्थिति का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने पूजा समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से मुलाकात कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा का पर्व शांति और सौहार्द के साथ सम्पन्न हो, इसके लिए हर समिति को प्रशासनिक निर्देशों का पालन करना अनिवार्य है।

दिए गए प्रमुख निर्देश :
- प्रतिमा विसर्जन से पूर्व बिजली के तारों को सुरक्षित रूप से हटाया जाए।
- विसर्जन जुलूस निर्धारित रूट से ही निकाला जाए, ताकि यातायात और सुरक्षा प्रभावित न हो।
- महिलाओं के लिए अलग से बैठने एवं दर्शन की विशेष व्यवस्था की जाए।
- पंडालों में पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित स्वयंसेवक (वालंटियर) तैनात रहें।
- आपात स्थिति से निपटने के लिए प्राथमिक उपचार एवं फायर फाइटिंग की तैयारी सुनिश्चित की जाए।
उपायुक्त ने कहा कि पूजा के दौरान शांति-व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने समितियों से अपील की कि प्रशासन का सहयोग करते हुए पर्व को सफल बनाएं।

इस मौके पर संबंधित प्रखंड के पदाधिकारी, पुलिस प्रशासन एवं अन्य जिम्मेदार अधिकारी भी मौजूद रहे।
