गोपाल शर्मा
झारखंड/ साहिबगंज।
जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त हेमंत सती ने आज आर.एन.आर. कॉलोनी निर्माण कार्य का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित निर्माण एजेंसियों एवं कॉन्ट्रैक्टरों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता एवं मानकों के अनुरूप पूर्ण किए जाएं।

उपायुक्त ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या निम्नस्तरीय कार्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन और सामग्री की गुणवत्ता की निगरानी अनिवार्य रूप से की जाए।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने स्पेशल डिवीजन कार्यालय और पशुपालन विभागीय कार्यालय का भी दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों से विभिन्न योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्राप्त की तथा कार्यों में और अधिक गति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी जनता से जुड़े कार्यों में तत्परता, जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित करें ताकि योजनाओं का लाभ समय पर आम नागरिकों तक पहुँच सके।
उपायुक्त ने यह भी कहा कि जिला प्रशासन विकास कार्यों की निरंतर समीक्षा कर रहा है और जिन परियोजनाओं में देरी पाई जाएगी, उनके लिए जिम्मेदार पदाधिकारियों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

