साहिबगंज, संवाददाता।
शहर के वार्ड संख्या 16 स्थित झरना कॉलोनी, इमली टोला में स्थित शिव-पार्वती मंदिर परिसर इन दिनों भक्ति और आस्था के अद्भुत संगम का साक्षी बन रहा है। यहां नवनिर्मित वीर बजरंगबली मंदिर में आयोजित प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव पूरे धार्मिक विधि-विधान और श्रद्धा के साथ संपन्न हो रहा है। सोमवार को कार्यक्रम के दूसरे दिन वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया, जिसमें आचार्य रंजय शास्त्री सहित पांच पुरोहितों ने विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न कराई।

इस भव्य धार्मिक आयोजन के मुख्य जजमान प्रेमलाल मंडल उर्फ मंटा मंडल ने हवन-पूजन में भाग लेते हुए कहा कि कलयुग में भगवान हनुमान की भक्ति अत्यंत प्रभावशाली मानी जाती है। उन्होंने बताया कि नगर, जिला, राज्य और देश की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की भावना से इस मंदिर का निर्माण कराया गया है तथा विधिपूर्वक बजरंगबली की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा की जा रही है।

पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर “जय श्रीराम” और “बोलो बजरंगबली की जय” के जयघोष से गूंजता रहा, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। इससे पहले आयोजन के प्रथम दिन श्रद्धालुओं द्वारा भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।
वहीं शाम के समय गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों के साथ बजरंगबली की प्रतिमा का नगर भ्रमण कराया गया, जिसने पूरे क्षेत्र को उत्सवमय बना दिया।
मंदिर परिसर में 24 घंटे का अष्टयाम कीर्तन भी लगातार जारी है, जिसमें दूर-दराज से आए श्रद्धालु बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों से क्षेत्र का वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत है।
इस अवसर पर वार्ड पार्षद अमृता कुमारी, पूर्व वार्ड पार्षद मंजूषा देवी, विशाल कुमार, शिवलाल मंडल सहित सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन की सफलता में स्थानीय लोगों का सराहनीय योगदान देखा जा रहा है।
