गोपाल शर्मा
झारखण्ड/ साहेबगंज
जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के धरती आभा जनभागीदारी अभियान तथा महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिले में व्यापक स्तर पर आधार कैम्प का आयोजन प्रारंभ किया गया है। यह अभियान जिले के 08 प्रखंडों के 39 पंचायतों में आरंभ हो चुका है, जिसका विस्तार आगामी 16 जून 2025 से 11 अगस्त 2025 तक जिले के कुल 162 पंचायतों में किया जाएगा।
प्रत्येक पंचायत में पाँच दिनों तक चलने वाला यह कैम्प समाज के अंतिम व्यक्ति तक आधार पंजीकरण, सुधार एवं अपडेट की सुविधाएँ पहुँचाने हेतु समर्पित है। इसका उद्देश्य विशेष रूप से जनजातीय एवं हाशिए पर रह रहे समुदायों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना है।

इस अभियान को सफल बनाने हेतु जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, पोस्टल बैंक मैनेजर एवं जिला परियोजना पदाधिकारी की उपस्थिति में सभी प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, महिला पर्यवेक्षिका एवं पंचायत सचिव समन्वय कर रहे हैं।

कैम्प में नागरिकों को आधार सेवाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे उन्हें विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त हो सके। जिला प्रशासन का यह प्रयास ‘सबका साथ, सबका विकास’ की दिशा में एक सशक्त कदम है।