साहिबगंज, प्रतिनिधि।
जिले के नगर निकायों में संचालित विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा को लेकर मंगलवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी हेमंत सती की अध्यक्षता में कार्यालय प्रकोष्ठ में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर परिषद साहिबगंज तथा नगर पंचायत राजमहल और बरहरवा द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान नगर निकायों के अंतर्गत संचालित विकासात्मक योजनाओं की वर्तमान स्थिति, क्रियान्वयन की प्रगति, लंबित कार्यों एवं आ रही व्यावहारिक समस्याओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जनहित से जुड़ी सभी योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित समय-सीमा के भीतर तथा गुणवत्तापूर्ण तरीके से सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने विशेष रूप से स्वच्छता व्यवस्था, शुद्ध पेयजल आपूर्ति, सड़कों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट की सुचारू व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता देने पर बल दिया। उपायुक्त ने कहा कि नगर निकायों की कार्यप्रणाली पारदर्शी होनी चाहिए तथा योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, ताकि आम नागरिकों को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके।
बैठक में नगर प्रशासक, नगर परिषद साहिबगंज अभिषेक कुमार सिंह, नगर प्रशासक नगर पंचायत बरहरवा दीपक कुमार एवं नगर प्रशासक नगर पंचायत राजमहल दानिश हुसैन सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे। उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय एवं टीम भावना के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि नागरिक सुविधाओं में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक के अंत में उपायुक्त ने लंबित योजनाओं की शीघ्र प्रगति सुनिश्चित करने तथा विकास कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के लिए नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य आम जनता को बेहतर एवं सुगम शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराना है, जिसके लिए सभी संबंधित विभागों को सक्रिय एवं जवाबदेह रहना होगा।

