बरहरवा/पतना, प्रतिनिधि।
आगामी रामनवमी महोत्सव को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को बरहरवा एवं पतना क्षेत्र में प्रशासन द्वारा भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च का नेतृत्व एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल ने किया।

फ्लैग मार्च बरहरवा के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। इस दौरान मेन रोड, सब्जी मंडी रोड, थाना रोड, कुशवाहा टोला, बिन्दुधाम पथ, पतना – पलटनिया रोड से होते हुए बिंदवासिनी मंदिर तक सुरक्षा बलों ने पैदल मार्च किया। पूरे मार्ग में पुलिस बल की मौजूदगी से लोगों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत हुआ।
फ्लैग मार्च के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने आमजन से शांति एवं भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की। साथ ही असामाजिक तत्वों को सख्त चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया गया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर बरहरवा इंस्पेक्टर संतोष कुमार राणा, बरहरवा थाना प्रभारी सुमित कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल एवं सुरक्षा कर्मी उपस्थित रहे। पुलिस बल पूरी मुस्तैदी के साथ मार्च में शामिल रहा तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी गई।
प्रशासन की इस पहल से क्षेत्र में शांति व्यवस्था को लेकर सकारात्मक संदेश गया है। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि पर्व के दौरान इस तरह की सक्रियता से आमजन में सुरक्षा की भावना सुदृढ़ होती है।
रामनवमी को लेकर प्रशासन द्वारा आगे भी निगरानी एवं गश्ती अभियान जारी रखने की बात कही गई है, ताकि त्योहार शांतिपूर्वक एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

