शामपुर के पास हुई घटना, गंभीर घायल चालक को साहिबगंज रेफर; पुलिस ने वाहन जब्त किया, आरोपियों पर कार्रवाई बाकी
बोरियो, संवाददाता।
बोरियो थाना क्षेत्र अंतर्गत बोरियो-बोवारीजोर मुख्य पथ पर स्थित शामपुर गांव के समीप बुधवार दोपहर एक मामूली सड़क हादसा उस समय हिंसक रूप ले बैठा, जब ट्रैक्टर और स्कॉर्पियो की हल्की टक्कर के बाद स्कॉर्पियो सवारों ने ट्रैक्टर चालक के साथ मारपीट कर दी। घटना में ट्रैक्टर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर चालक पंचानन कुंवर (28) अपने वाहन से जा रहे थे, तभी सामने से आ रही स्कॉर्पियो से हल्की टक्कर हो गई। टक्कर में दोनों वाहनों में मामूली क्षति हुई, लेकिन इसके बाद स्कॉर्पियो चालक और उसमें सवार वाहन मालिक के संबंधियों ने आक्रामक रवैया अपनाते हुए ट्रैक्टर चालक की बेरहमी से पिटाई कर दी। आरोप है कि मारपीट के दौरान चालक के सिर पर चाभी से वार किया गया, जिससे वह मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे ग्रामीणों को भी स्कॉर्पियो सवारों ने गोली मारने की धमकी दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे का कारण स्कॉर्पियो चालक का झपकी में होना बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही बोरियो पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बोरियो में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे साहिबगंज सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बताया जाता है कि संबंधित स्कॉर्पियो (संख्या JH 18N 9633) साहिबगंज निवासी डॉक्टर रणविजय कुमार के नाम से पंजीकृत है। पुलिस ने घटना के बाद स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर लिया है, हालांकि मारपीट और धमकी देने के आरोपितों को मौके से छोड़ दिए जाने की चर्चा है।
घटना को लेकर क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि इस तरह की दबंगई पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। फिलहाल, बोरियो पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अब देखना है कि आरोपितों के खिलाफ क्या ठोस कार्रवाई की जाती है।
