रांची।
महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा के झारखंड आगमन पर रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट का माहौल उत्साहपूर्ण और ऊर्जामय हो उठा। रविवार को उनके पहुंचते ही बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, महिला पदाधिकारी और समर्थक एयरपोर्ट परिसर में एकत्रित हुए और जोरदार स्वागत किया।

महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती रामा खलखो और झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अलका लांबा को पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं में जबरदस्त जोश दिखाई दिया और पूरा परिसर “कांग्रेस जिंदाबाद” के नारों से गूंज उठा।

आलोक कुमार दूबे ने कहा — ‘अलका जी का आगमन कांग्रेस के लिए ऊर्जा का संचार’
स्वागत समारोह में महासचिव आलोक कुमार दूबे ने कहा—
“अलका जी का आगमन झारखंड कांग्रेस के लिए ऊर्जावान क्षण है। भाजपा सरकार में महिलाओं को केवल घोषणाओं में सम्मान मिलता है, जबकि कांग्रेस उनकी सुरक्षा, शिक्षा और अधिकारों को जमीन पर मजबूती से लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है। अलका जी जैसे संघर्षशील नेतृत्व का मार्गदर्शन हमारे लिए प्रेरणादायक है और यह झारखंड कांग्रेस संगठन को नई मजबूती देगा।”
उन्होंने आगे कहा कि आने वाले दिनों में राज्यभर में महिला सशक्तिकरण, संगठन विस्तार और विभिन्न सामाजिक मुद्दों को लेकर बड़े पैमाने पर कार्यक्रम एवं अभियान चलाए जाएंगे।
महिला कार्यकर्ताओं की भारी उपस्थिति
स्वागत कार्यक्रम के दौरान रामा खलखो, आलोक कुमार दूबे, आभा सिन्हा, सुंदरी तिर्की, विशाल कुमार सिंह, अनिकेत साहू, गौतम दुबे, संजीत यादव, मैरी तिर्की सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में महिलाओं का जोश देखने लायक था, जिससे पूरे परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल छाया रहा।
