बरहेट, संवाददाता।
थाना क्षेत्र के व्यस्त बरहेट बाजार स्थित साह चौक में सोमवार को दिनदहाड़े चोरों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए एक सीएसपी (ग्राहक सेवा केंद्र) संचालक की बाइक की डिक्की से 2 लाख 70 हजार रुपये उड़ा लिए। घटना से बाजार क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, झबरी मोड़ में संचालित एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक नवीन कांत कुमार मंडल ने अपने स्टाफ को चेक देकर बरहेट बाजार स्थित एसबीआई की मुख्य शाखा से नकद राशि लाने के लिए भेजा था। स्टाफ द्वारा बैंक से 2.70 लाख रुपये निकालकर लाने के बाद उक्त राशि बाइक की डिक्की में रखी गई। इसके बाद सीएसपी संचालक उक्त राशि लेकर अपने केंद्र की ओर जा रहे थे।
इसी दौरान वह साह चौक स्थित “मां मेडिको” में दवा लेने के लिए रुके और अपनी बाइक दुकान के सामने खड़ी कर अंदर चले गए। मौके का फायदा उठाकर पहले से घात लगाए चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक युवक ने बाइक की डिक्की खोलकर नकदी निकाल ली, जबकि उसका साथी अपाची बाइक लेकर मौके पर पहुंचा। दोनों आरोपी पलक झपकते ही बाइक पर सवार होकर लिट्टीपाड़ा की ओर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पवन कुमार एवं इंस्पेक्टर नूनु देव राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने मां मेडिको में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें चोरी की पूरी घटना कैद हो गई है। हालांकि, आरोपियों की पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई है, क्योंकि एक आरोपी ने चेहरे पर काला गमछा बांध रखा था, जबकि बाइक चालक हेलमेट पहने हुए था।
पुलिस मामले की छानबीन विभिन्न पहलुओं से कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है। इधर, दिनदहाड़े हुई इस वारदात से व्यवसायियों और आम लोगों में दहशत का माहौल है तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।
