बोरियो, संवाददाता।
बोरियो प्रखंड अंतर्गत बाँझी स्थित ऐतिहासिक शहीद स्मारक स्थल पर रविवार को बाँझी गोली कांड के स्मरण दिवस के अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य लोगों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों ने एकत्र होकर शहीदों को नमन किया और उनके बलिदान को याद किया।

कार्यक्रम में सिद्धो-कान्हु के वंशज मंडल मुर्मू ने विशेष रूप से भाग लेते हुए शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने वीर शहीदों के अदम्य साहस और बलिदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनका त्याग आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने लोगों से शहीदों के बताए मार्ग पर चलने और समाज के उत्थान के लिए कार्य करने का आह्वान किया।
इस दौरान मंडल मुर्मू ने फादर एंथोनी मुर्मू के वंशज क्लाइमेंट मुर्मू से मुलाकात कर उनका अभिवादन स्वीकार किया। दोनों के बीच क्षेत्र के ऐतिहासिक महत्व और शहीदों की विरासत को सहेजने पर चर्चा भी हुई।
कार्यक्रम में भाजपा नेता मनीष ठाकुर सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि बाँझी गोली कांड के शहीदों का बलिदान देश और समाज के लिए अमूल्य है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने युवाओं से इतिहास को जानने और उससे प्रेरणा लेने की अपील की।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान पूरे माहौल में देशभक्ति और सम्मान की भावना व्याप्त रही। उपस्थित लोगों ने शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
