राजमहल, संवाददाता।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण को लेकर झारखंड-बंगाल सीमा से सटे राजमहल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को अभूतपूर्व रूप से सख्त कर दिया गया है। चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है।

इसी क्रम में राजमहल थाना क्षेत्र अंतर्गत फेरीघाट पर अंतरराज्यीय चेक पोस्ट स्थापित कर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार सुबह से शुरू हुए इस अभियान के तहत राजमहल से पश्चिम बंगाल की ओर आने-जाने वाले प्रत्येक वाहन और व्यक्ति की बारीकी से जांच की जा रही है। फेरीघाट, जो दोनों राज्यों के बीच एक महत्वपूर्ण संपर्क बिंदु है, इन दिनों सुरक्षा के लिहाज से अत्यंत संवेदनशील माना जा रहा है।
जांच के दौरान पुलिस बल के साथ दंडाधिकारी भी मौके पर तैनात हैं, जो पूरे अभियान की निगरानी कर रहे हैं। संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।
अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) सदानंद महतो ने बताया कि पश्चिम बंगाल की दिशा में जाने वाले वाहनों की विशेष रूप से सघन तलाशी ली जा रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव के मद्देनजर अवैध नकदी, शराब और अन्य आपत्तिजनक सामग्रियों के परिवहन पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए दोपहिया, चारपहिया, बसों तथा मालवाहक वाहनों की जांच की जा रही है। इसके साथ ही वाहन चालकों के दस्तावेजों की जांच और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की जा रही है।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, 23 अप्रैल को प्रस्तावित पहले चरण के मतदान को देखते हुए सीमावर्ती इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। सीमा से सटे गांवों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस गश्त तेज कर दी गई है तथा खुफिया तंत्र को भी सक्रिय कर दिया गया है।
मौके पर दंडाधिकारी कृष्ण कुमार, थाना प्रभारी हसनैन अंसारी, मो. जमील, सरजन मुर्मू समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान मौजूद रहे। सभी अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक इस तरह की सख्ती जारी रहेगी, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराया जा सके।
