धनबाद में होली के जश्न के दौरान बड़ा विवाद, डीजे और पैसों को लेकर दो पक्ष भिड़े; चली गोलियां, दो युवक गंभीर रूप से घायल
धनबाद : होली के जश्न के दौरान धनबाद जिले के बरमसिया इलाके में अचानक विवाद की बड़ी घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि होली मनाने के दौरान डीजे बजाने और पैसों के लेन-देन को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हिंसक हो गया और गोलीबारी की घटना हो गई।
इस गोलीबारी में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर उनकी हालत गंभीर बता रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और गोली चलाने वाले आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। फिलहाल इलाके में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।