गोपाल शर्मा
झारखंड/ साहिबगंज।
क्षेत्र में बीते तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण गुमानी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया है। नदी में लबालब पानी भर जाने से निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं, जिससे आसपास के किसानों की फसलें बर्बाद होने की आशंका बढ़ गई है।

ग्रामीणों ने इस स्थिति की जानकारी स्थानीय विधायक श्रीमती निसात आलम को दी। विधायक के निर्देश पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि बरकत खान शनिवार को बरहेट स्थित खेरवा ब्रिज पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान बरकत खान ने बताया कि ब्रिज के कुल पाँच फाटक खुले हुए थे। उन्होंने नदी के तेज बहाव को देखते हुए विभाग के जूनियर इंजीनियर से तत्काल एक फाटक बंद करवाने का आग्रह किया।
बरकत खान ने कहा कि —
“जब नदी में अचानक पानी बढ़ जाता है और ब्रिज के फाटक एक साथ ज्यादा खोल दिए जाते हैं, तो नीचे के इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इससे किसानों की मेहनत से तैयार की गई फसलें भी डूब जाती हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए पानी बढ़ने की स्थिति में फाटकों को सीमित रूप से खोलने की व्यवस्था की जाए ताकि नीचे के इलाकों में रहने वाले लोगों और किसानों को राहत मिल सके।
निरीक्षण के दौरान उनके साथ प्रखंड अध्यक्ष रणजीत टुडू, मंडल अध्यक्ष हराधन तूरी और रागीब अंसारी सहित कई स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद थे।
लगातार बारिश और नदी के बढ़ते जलस्तर से इस समय बरहेट एवं आसपास के क्षेत्रों में किसानों के चेहरों पर मायूसी छाई हुई है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
