समय पर खाद्यान्न आपूर्ति, बकाया कमीशन भुगतान और तकनीकी सुविधा की मांग
साहिबगंज, प्रतिनिधि।
फेयर प्राइस डीलर एसोसिएशन, साहिबगंज के एक शिष्टमंडल ने प्रदेश सचिव सह अध्यक्ष जय प्रकाश सिन्हा के नेतृत्व में जिला आपूर्ति पदाधिकारी एवं प्रखंड आपूर्ति प्राधिकारी से मुलाकात कर चार सूत्री मांग पत्र सौंपा। इस दौरान डीलरों की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया और उनके शीघ्र समाधान की मांग की गई।

संघ के अध्यक्ष जय प्रकाश सिन्हा ने बताया कि साहिबगंज नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के डीलरों को खाद्यान्न की आपूर्ति एक साथ सुनिश्चित की जाए। साथ ही प्रत्येक माह की 10 तारीख तक खाद्यान्न उपलब्ध कराकर डीएसडी (डोर स्टेप डिलीवरी) की व्यवस्था लागू की जाए, ताकि लाभुकों के बीच वितरण सुचारू रूप से हो सके।
उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक तराजू में बार-बार आने वाली खराबी को भी गंभीर समस्या बताते हुए कहा कि इसके कारण वितरण कार्य प्रभावित होता है। इस समस्या के समाधान के लिए साहिबगंज में स्थायी रूप से एक तकनीशियन की नियुक्ति की जाए तथा मरम्मत पर होने वाले खर्च से डीलरों को मुक्त किया जाए, ताकि उन पर अनावश्यक आर्थिक बोझ न पड़े।
डीलरों ने यह भी मांग की कि उनका बकाया कमीशन अविलंब भुगतान किया जाए। इसके अलावा खाद्यान्न आवंटन के अनुरूप पूरी मात्रा में आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और कटौती कर बाद में समायोजन की परंपरा को समाप्त किया जाए, जिससे भ्रम की स्थिति खत्म हो सके। गोदाम से सही माप और स्वच्छ, खाने योग्य खाद्यान्न उपलब्ध कराने की भी मांग की गई।
इसके साथ ही शिष्टमंडल ने डीलर महिपाल तांती के निधन के बाद उनकी पत्नी को अनुकंपा के आधार पर जल्द बहाल करने की मांग की, ताकि संबंधित दुकान से इस माह भी नियमित रूप से खाद्यान्न वितरण जारी रह सके।
इस अवसर पर शिष्टमंडल में प्रदेश सचिव सह अध्यक्ष जय प्रकाश सिन्हा, उपाध्यक्ष महेंद्र पासवान, सचिव अनवर अली, सह सचिव अशोक कुमार शाह, कोषाध्यक्ष भगवान जोशी समेत कई डीलर उपस्थित रहे।
