दुर्गोत्सव-2025 की तैयारियों पर हुई विस्तृत चर्चा, मुख्यमंत्री ने दिया पूर्ण सहयोग का आश्वासन
रांची
मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन से आज कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में महानगर दुर्गा पूजा समिति, जिला दुर्गा पूजा समिति एवं श्री महावीर मंडल रांची के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर आगामी दुर्गोत्सव-2025 की तैयारियों को लेकर प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने मुख्यमंत्री के समक्ष विस्तृत चर्चा की।

प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने संयुक्त रूप से मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि उनके नेतृत्व में राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन से लगातार सहयोग प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान विद्युत आपूर्ति, जलापूर्ति एवं शहर की साफ-सफाई जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं नियमित रूप से सुनिश्चित हो रही हैं। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि इस वर्ष भी रांची एवं आसपास के क्षेत्रों में छोटे-बड़े मिलाकर लगभग 157 पूजा पंडालों में भव्य दुर्गोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिनकी तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
मुख्यमंत्री को दिया सपरिवार आमंत्रण
मौके पर प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को मां दुर्गा की प्रतिमा, चुनरी एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया तथा सपरिवार पूजा पंडालों में भ्रमण कर माता रानी के दर्शन हेतु आमंत्रित किया। सदस्यों ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले कुछ वर्षों से पूजा समितियों को आयोजन पूर्व मुख्यमंत्री से मिलने का अवसर मिल रहा है, जो एक सकारात्मक एवं सराहनीय पहल है। इससे राज्य सरकार, जिला प्रशासन और पूजा समितियों के बीच बेहतर तालमेल बना है तथा कई समस्याओं का समाधान समय रहते हो रहा है।

राज्य सरकार का मिलेगा पूरा सहयोग
मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि पूर्व की भांति इस वर्ष भी राज्य सरकार दुर्गा पूजा समितियों को हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि दुर्गोत्सव के दौरान शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने हेतु जिला प्रशासन और पूजा समितियां आपसी समन्वय एवं तालमेल के साथ कार्य करें।
रांची को मॉडल शहर बनाने की प्रतिबद्धता
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आमजन की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए रांची को एक मॉडल शहर के रूप में विकसित करने को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं आधुनिक बनाने के लिए सरकार विशेष कार्ययोजना के साथ निरंतर आगे बढ़ रही है। उन्होंने इस विकास यात्रा में आम नागरिकों की सहभागिता को भी आवश्यक बताया और कहा कि आने वाले समय में रांची को एक नई पहचान दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
बैठक में कई गणमान्य रहे उपस्थित
इस अवसर पर उपयुक्त रांची श्री मंजुनाथ भजंत्री, डीआईजी-सह-वरीय पुलिस अधीक्षक श्री चंदन कुमार सिन्हा, महानगर दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष डॉ. अजीत सहाय, जिला दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष श्री विक्की यादव, महावीर मंडल के अध्यक्ष श्री जय सिंह यादव, एचईसी दुर्गा पूजा समिति के संरक्षक श्री सागर कुमार सहित श्री अशोक चौधरी, श्री प्रदीप राय बाबू, श्री रवींद्र वर्मा, श्री शंभू सिंह, श्री समीर सिंह एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।