राज्य सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए जिला जनसंपर्क विभाग की पहल — ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुँचेगी विकास की जानकारी
गोपाल शर्मा
झारखंड/ साहिबगंज।
झारखंड राज्य के स्थापना दिवस (रजत वर्ष) की पूर्व संध्या पर आज समाहरणालय परिसर, साहिबगंज से जिला प्रशासन द्वारा जन-जागरूकता और सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु तैयार किए गए प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

इस अवसर पर जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त हेमंत सती ने प्रचार वाहनों को फ्लैग ऑफ (Flag off) किया। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, परियोजना निदेशक आईटीडीए संजय कुमार दास, अपर समाहर्ता गौतम भगत, जिला आपूर्ति पदाधिकारी झुनू कुमार मिश्रा, जिला पंचायती राज पदाधिकारी अनिल कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

“प्रचार वाहन ग्रामीण अंचलों तक पहुँचाएंगे योजनाओं की जानकारी” — उपायुक्त हेमंत सती
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त हेमंत सती ने कहा कि “झारखंड राज्य की स्थापना का यह रजत वर्ष हम सभी के लिए गर्व और उपलब्धि का क्षण है। राज्य सरकार द्वारा संचालित विकास योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुँचाने के लिए प्रचार वाहन एक प्रभावी माध्यम सिद्ध होंगे।”

उन्होंने आगे कहा कि इन प्रचार वाहनों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को सरकारी योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों, कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण एवं स्वरोजगार से संबंधित जानकारियाँ उपलब्ध कराई जाएंगी ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।
स्थापना दिवस सप्ताह में होंगे जनजागरण और सांस्कृतिक कार्यक्रम
प्रचार वाहनों के रवाना होने के साथ ही जिला प्रशासन ने राज्य स्थापना दिवस सप्ताह के अंतर्गत विविध जनजागरण, सांस्कृतिक एवं विकासोन्मुखी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तैयार की है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य झारखंड की 25 वर्षों की उपलब्धियों को आम जनता तक पहुँचाना और राज्य के विकास में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।
यह पहल “समृद्ध झारखंड” के निर्माण में जिला प्रशासन साहिबगंज द्वारा उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है, जो राज्य के गौरवशाली 25 वर्षों की उपलब्धियों को उजागर करेगा।


