साहिबगंज, प्रतिनिधि।
जिला व्यवहार न्यायालय, साहिबगंज में अब मामलों की फाइलिंग ई-कोर्ट प्रणाली के माध्यम से की जाएगी। इस दिशा में रविवार को सिविल कोर्ट परिसर स्थित लोक अदालत भवन में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें अधिवक्ताओं एवं अधिवक्ता लिपिकों को ई-फाइलिंग की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहिबगंज द्वारा झालसा के निर्देशानुसार आयोजित किया गया, जो जिला एवं सत्र न्यायाधीश अखिल कुमार प्रधान के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर अमरेंद्र कुमार मोहंती ने बताया कि ई-कोर्ट फाइलिंग प्रक्रिया अब प्रारंभ हो चुकी है और अधिवक्ताओं को अपने मामलों की फाइलिंग डिजिटल माध्यम से करनी होगी।

मास्टर ट्रेनर विकास कुमार ने प्रशिक्षण के दौरान ई-फाइलिंग से जुड़ी तकनीकी जानकारी साझा करते हुए बताया कि अधिवक्ताओं एवं उनके लिपिकों को अपने मोबाइल फोन में ई-कोर्ट फाइलिंग सेवा डाउनलोड कर रजिस्ट्रेशन करना अनिवार्य होगा। इसके बाद वे अपने नाम से केस, आवेदन एवं अन्य दस्तावेज ऑनलाइन दाखिल कर सकेंगे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला अधिवक्ता संघ के सचिव विजय करण सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता एवं अधिवक्ता लिपिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विजय करण ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से अधिवक्ताओं को आधुनिक न्यायिक प्रक्रिया के अनुरूप कार्य करने में सुविधा मिलेगी और ई-फाइलिंग से जुड़ी समस्याओं का समाधान होगा।
उन्होंने मास्टर ट्रेनरों—अमरेंद्र कुमार मोहंती, संजय देव एवं विकास कुमार—के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से साहिबगंज एवं राजमहल के अधिवक्ताओं को डिजिटल फाइलिंग प्रणाली की महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई है।
