जिले के 16 थानों को उपलब्ध कराए गए चार पहिया पेट्रोलिंग वाहन, उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर सभी वाहनों को किया रवाना
जिले में विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, अपराध नियंत्रण को और अधिक प्रभावी बनाने तथा पुलिस की गश्ती व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से आज जिले के कुल 16 थानों को चार पहिया पेट्रोलिंग वाहन उपलब्ध कराए गए। इन वाहनों के माध्यम से पुलिस बल की त्वरित कार्रवाई क्षमता को बढ़ावा मिलेगा तथा आम नागरिकों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकेगा।* *आज आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त, गोड्डा श्रीमती अंजली यादव एवं पुलिस अधीक्षक, गोड्डा श्री मुकेश कुमार ने संयुक्त रूप से सभी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर संबंधित थानों के लिए रवाना किया। इस अवसर पर बताया गया कि प्रत्येक थाना को एक-एक पेट्रोलिंग वाहन उपलब्ध कराया गया है, जबकि पोड़ैयाहाट थाना को दो वाहन प्रदान किए गए हैं, जिससे वहां की पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।* *इस अवसर पर उपायुक्त श्रीमती अंजली यादव ने कहा कि आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित पुलिस व्यवस्था ही बेहतर कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने में सहायक होती है। उन्होंने कहा कि इन वाहनों के उपलब्ध होने से पुलिस की गश्ती व्यवस्था में तेजी आएगी तथा किसी भी आपात स्थिति में पुलिस बल त्वरित रूप से घटनास्थल पर पहुंच सकेगा। साथ ही इससे दूर-दराज के क्षेत्रों में भी पुलिस की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित होगी, जिससे आम जनता में सुरक्षा की भावना और अधिक मजबूत होगी।* *पुलिस अधीक्षक श्री मुकेश कुमार ने कहा कि जिले के सभी थानों को पेट्रोलिंग वाहन उपलब्ध कराए जाने से पुलिसिंग व्यवस्था को काफी मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि इन वाहनों के माध्यम से नियमित गश्ती, अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था संधारण तथा आपातकालीन स्थितियों में त्वरित कार्रवाई करना और अधिक सुगम होगा। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि उपलब्ध कराए गए वाहनों का उपयोग पूरी जिम्मेदारी एवं दक्षता के साथ किया जाए तथा क्षेत्र में सतत गश्ती कर आमजनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।* *इस दौरान यह भी बताया गया कि पुलिस की प्रभावी पेट्रोलिंग व्यवस्था अपराध नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। नए वाहनों के माध्यम से पुलिस बल को विभिन्न क्षेत्रों में त्वरित पहुंच बनाने में सहायता मिलेगी, जिससे अपराध की रोकथाम के साथ-साथ आम जनता की समस्याओं के समाधान में भी तेजी आएगी।
मौके पर गोड्डा के एसडीपीओ, सार्जेंट मेजर, जिले के सभी संबंधित थानों के थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारीगण एवं वरीय अधिकारीगण उपस्थित थे।