गोपाल शर्मा
झारखंड/ साहिबगंज।
बरहरवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रविवार को प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेला का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, स्वास्थ्यकर्मियों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। मेले का उद्देश्य ग्रामीणों को एक ही छत के नीचे सभी प्रकार की स्वास्थ्य सुविधाएं सुलभ कराना था।

मुख्य अतिथि ने किया दीप प्रज्वलन
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पाकुड़ विधायक निसात आलम द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, सिविल सर्जन साहिबगंज डॉ. रामदेव पासवान, सांसद प्रतिनिधि विजय हांसदा, बीस सूत्री प्रखंड अध्यक्ष अशोक दास, जिला अध्यक्ष बरकत खान, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल गफूर, प्रखंड प्रमुख सुसीला हांसदा, उपप्रमुख कादिर, अंचलाधिकारी अनोज कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी सन्नी दास तथा कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष रंजीत टुडू मंचासीन रहे।

विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का मिला लाभ
स्वास्थ्य मेला का संचालन डॉ. पंकज कर्मकार, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरहरवा के नेतृत्व में किया गया। प्रखंड के विभिन्न पंचायतों से आए सैकड़ों ग्रामीणों ने इस अवसर पर मुफ्त स्वास्थ्य जांच, परामर्श और उपचार का लाभ उठाया।
मेले में लगाए गए प्रमुख स्वास्थ्य जांच एवं उपचार केंद्रों में शामिल थे —
- नवजात शिशु देखभाल केंद्र (NNC)
- राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK)
- कैंसर स्क्रीनिंग केंद्र
- परिवार नियोजन परामर्श एवं साधन वितरण केंद्र
- मलेरिया एवं कालाजार उपचार केंद्र
- नेत्र जांच एवं दंत चिकित्सक काउंटर
- जनरल ओपीडी एवं दवा वितरण केंद्र
- रक्त जांच एवं टी.बी. उपचार केंद्र
- टीकाकरण एवं कुष्ठ परामर्श केंद्र
- आयुष्मान भारत कार्ड एवं आभा आईडी निबंधन केंद्र
- राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम (RKSK) काउंटर
DMFT एवं जिला परिषद योजनाओं का शिलान्यास
इस अवसर पर विधायक निसात आलम द्वारा जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) मद से कुल 20,60,396.70 रुपये की लागत से “गर्भवती एवं वृद्ध मरीजों हेतु रैम्प एवं शेड निर्माण” योजना तथा 11,72,286.86 रुपये की लागत से “मुख्य द्वार पर सुरक्षा दीवार, गार्ड रूम एवं रूफ ट्रीटमेंट कार्य” योजना का शिलान्यास किया गया।
इसके अतिरिक्त 8 जिला परिषद योजनांतर्गत योजनाओं का भी शिलान्यास विधायक द्वारा किया गया।

विधायक और सिविल सर्जन का संबोधन
मुख्य अतिथि निसात आलम ने अपने संबोधन में कहा —
“सरकार की मंशा है कि स्वास्थ्य सेवाएं अब हर गांव और हर आमजन तक पहुंचे। ऐसे स्वास्थ्य मेले ग्रामीणों के लिए अत्यंत उपयोगी हैं, क्योंकि यहां एक ही स्थान पर सभी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होती हैं।”
सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान ने कहा कि जिले के सभी प्रखंडों में इसी प्रकार के स्वास्थ्य मेले आयोजित कर आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। उन्होंने विभागीय योजनाओं और सरकार द्वारा चलाई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी।
ग्रामीणों में दिखा उत्साह
स्वास्थ्य मेला में बड़ी संख्या में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने अपनी स्वास्थ्य जांच कराई तथा आवश्यक दवाइयाँ निःशुल्क प्राप्त कीं। स्वास्थ्यकर्मियों एवं सहिया दीदियों ने लोगों को पोषण, स्वच्छता, टीकाकरण एवं परिवार नियोजन से संबंधित जानकारी दी।
कार्यक्रम में डॉक्टर, एएनएम, लैब टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट, सहिया दीदियों सहित विभिन्न योजनाओं के प्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। स्वास्थ्य मेला देर शाम तक चला और ग्रामीणों में इस पहल को लेकर काफी उत्साह देखा गया।

