साहिबगंज, प्रतिनिधि।
नगर परिषद अध्यक्ष रामनाथ पासवान ने सोमवार को समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में नव पदस्थापित उपायुक्त दीपक कुमार दूबे से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने बुके भेंट कर उपायुक्त का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

मुलाकात के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष ने शहर के समग्र विकास, स्वच्छता व्यवस्था, जल निकासी, सड़क मरम्मत सहित अन्य जनसुविधाओं से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने उपायुक्त को नगर क्षेत्र की वर्तमान स्थिति से अवगत कराते हुए विभिन्न समस्याओं की जानकारी दी तथा उनके समाधान के लिए प्रशासनिक सहयोग की अपेक्षा जताई।
रामनाथ पासवान ने कहा कि नगर क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने, जलजमाव की समस्या से निजात दिलाने तथा आधारभूत संरचनाओं के विकास के लिए ठोस पहल की आवश्यकता है। वहीं, उन्होंने शहर के सौंदर्यीकरण एवं नागरिक सुविधाओं के विस्तार पर भी जोर दिया।
इस पर उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने नगर परिषद अध्यक्ष को आश्वस्त करते हुए कहा कि नगर क्षेत्र के विकास एवं नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर समस्याओं के त्वरित समाधान की बात कही।
मुलाकात सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई, जिसमें शहर के विकास को लेकर सकारात्मक संवाद देखने को मिला।
