गोड्डा जिले के महागामा थाना क्षेत्र में अमित मोदी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर लिया है. इस मामले में महिला समेत दो सुपारी किलर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. 27 जनवरी 2026 की रात मांगन पीपरा गांव निवासी 32 वर्षीय अमित मोदी की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी. घटना की गंभीरता को देखते हुए गोड्डा एसपी मुकेश कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन किया गया.एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्य और सूचना के आधार पर गहन जांच की. पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. जिसकी पहचान आरोपी मो. शाईन आलम (25 वर्ष ), विजेंद्र पासवान उर्फ बिंदु (35 वर्ष) और मृतक की पत्नी सोनी देवी (30 वर्ष ) के रूप में हुई है. पूछताछ में सभी ने अपना अपराध स्वीकार किया है. उनके निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त गंडासा सहित अन्य हथियार बरामद किए गए हैं.
पुलिस अनुसंधान में खुलासा हुआ कि मृतक अमित मोदी की हत्या की साजिश उसके छोटे भाई रोहित मोदी और मृतक की पत्नी सोनी देवी ने मिलकर रची थी. दोनों के बीच पिछले 5-6 वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था और रोहित अपने ही बड़े भाई अमित की हत्या के बाद भाभी से शादी करना चाहता था.जानकारी के अनुसार रोहित मोदी ने अपने गांव के मो. शाईन आलम को एक लाख रुपये में हत्या की सुपारी दी थी. मो. शाईन ने पड़ोसी विजेंद्र पासवान उर्फ बिंदो को 25 हजार रुपये देकर इस कांड में सहयोग के लिए शामिल किया था. योजना के तहत दोनों ने घटना से एक सप्ताह पहले गंडासा खरीदा था.इसके बाद 27 जनवरी की रात शराब पिलाने के बहाने अमित मोदी को बुलाया गया और फिर सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी गई. पुलिस के अनुसार, आरोपी मो. शाईन मृतक को उसकी पत्नी के सामने घर से लेकर गया था. घटना के बाद साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से मृतक का मोबाइल उसकी पत्नी ने अपने पास छुपा लिया और बाद में नदी में फेंक दिया. छापेमारी दल में पुलिस निरीक्षक उपेंद्र कुमार महतो, महागामा थाना प्रभारी मनोज कुमार पाल, एसआई रोमा कुमारी आदि शामिल रहे.