बरहरवा, प्रतिनिधि
आगामी छठ महापर्व को लेकर बरहरवा नगर पंचायत क्षेत्र के कुशवाहा टोला स्थित पमपिया पोखर छठ घाट की साफ-सफाई एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं को दुरुस्त करने की मांग उठने लगी है। इस संबंध में श्री श्री सार्वजनिक छठ पूजा समिति की ओर से नगर पंचायत बरहरवा के कार्यपालक पदाधिकारी को लिखित आवेदन सौंपकर घाट एवं उसके आसपास आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की गई है।
समिति की ओर से शनिवार को सौंपे गए आवेदन में कहा गया है कि पनपिया पोखर छठ घाट पर प्रत्येक वर्ष लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा बड़े ही श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाया जाता है। इस अवसर पर आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों श्रद्धालु एवं छठव्रती भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के लिए घाट पर पहुंचते हैं। ऐसे में छठ महापर्व को देखते हुए घाट एवं उसके आसपास के परिसर की विशेष साफ-सफाई कराना अत्यंत आवश्यक है।
समिति ने नगर पंचायत प्रशासन से घाट परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में चूना और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराने की मांग की है, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मिल सके। इसके साथ ही घाट के आसपास स्थित बिजली के खंभों पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया है।
आवेदन में बताया गया है कि घाट के आसपास पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं रहने के कारण शाम एवं रात्रि के समय अंधेरा छाया रहता है। इससे छठव्रतियों, श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। विशेषकर संध्या अर्घ्य एवं प्रातःकालीन अर्घ्य के दौरान पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं होने से श्रद्धालुओं को कठिनाई होती है। ऐसे में सुरक्षा एवं सुविधा के दृष्टिकोण से बिजली के खंभों पर स्ट्रीट लाइट लगाना जरूरी है।
समिति ने कार्यपालक पदाधिकारी से छठ महापर्व की धार्मिक एवं सामाजिक महत्ता को ध्यान में रखते हुए इन सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर अविलंब पूरा कराने का आग्रह किया है। समिति का कहना है कि समय रहते साफ-सफाई, चूना एवं ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव और रोशनी की समुचित व्यवस्था हो जाने से छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं को काफी सहूलियत मिलेगी तथा महापर्व का आयोजन स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सकेगा।इस मौके पर समिति के अध्यक्ष बालेश्वर कुशवाहा सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे
छठ महापर्व से पहले पमपिया पोखर छठ घाट की साफ-सफाई और रोशनी की व्यवस्था कराने की मांग, समिति ने नगर पंचायत को सौंपा आवेदन