कृषि व पर्यावरणीय जागरूकता से जुड़ा अनोखा प्रयास
गोपाल शर्मा
झारखंड/ साहिबगंज।
मंडरो प्रखंड के पी.एम. श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय, मिर्जाचौकी में शुक्रवार को स्कूल सॉइल हेल्थ प्रोग्राम के अंतर्गत एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्कूली बच्चों को मिट्टी स्वास्थ्य परीक्षण, पोषण तत्वों की पहचान और कृषि से संबंधित व्यावहारिक जानकारियाँ उपलब्ध कराना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री रजनीकांत द्विवेदी ने अतिथियों का स्वागत कर किया। इसके बाद आत्मा साहिबगंज के School Soil Health Program Coordinator कंचन कुमार सुमन ने बच्चों व शिक्षकों को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया, बैच निर्माण, शिक्षक को ग्रुप लीडर बनाने की विधि, मिट्टी का नमूना उठाने के तरीके तथा संग्रह हेतु गड्ढे के सही आकार (लंबाई–चौड़ाई) की जानकारी विस्तारपूर्वक दी। उन्होंने School Soil Health App के माध्यम से मिट्टी का नमूना संग्रह करने का प्रत्यक्ष प्रदर्शन कर बच्चों को व्यावहारिक अनुभव भी कराया।

इसी क्रम में सहायक तकनीकी प्रबंधक नेहा किस्कू ने मिट्टी में पाए जाने वाले विभिन्न पोषक तत्वों और पौधों द्वारा यूरिया व पोटाश जैसे तत्वों के ग्रहण की प्रक्रिया को सरल भाषा में समझाया। वहीं सहायक तकनीकी प्रबंधक राजेश्वर मुर्मू ने बच्चों को खेती से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा करते हुए कृषि के प्रति उनकी रुचि बढ़ाने पर जोर दिया।

प्रशिक्षण में विद्यालय के शिक्षक अमित चौरसिया, सुनील कुमार किस्कू, जुयेल सोरेन, मंजुला मुर्मू समेत विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ शामिल हुए।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने इसे विद्यालय शिक्षा को कृषि व पर्यावरणीय जागरूकता से जोड़ने की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया। उपस्थित शिक्षकों का कहना था कि इस तरह के प्रशिक्षण से बच्चों में न सिर्फ वैज्ञानिक दृष्टिकोण का विकास होगा, बल्कि आने वाली पीढ़ी खेती और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की महत्ता को भी समझेगी।

