रामनवमी व चैती दुर्गा पर्व को लेकर राधानगर थाना में शांति समिति की बैठक

साहिबगंज/ उधवा, संवाददाता।
रामनवमी एवं चैती दुर्गा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सोमवार को राधानगर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) सदानंद महतो ने की, जबकि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) विमलेश कुमार त्रिपाठी सहित प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोग उपस्थित थे।
बैठक को संबोधित करते हुए एसडीओ सदानंद महतो ने कहा कि सभी जुलूस पूर्व निर्धारित रूट चार्ट एवं तय समय के अनुसार ही निकाले जाएंगे। किसी भी सूरत में मार्ग या समय में बदलाव की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहार आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक है, इसलिए सभी लोग मिल-जुलकर पर्व मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों से दूर रहें। प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।
एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी ने कहा कि जुलूस के दौरान शराब का सेवन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही डीजे पर ऐसे गाने नहीं बजाए जाएंगे जिससे किसी भी समुदाय की भावनाएं आहत हों। भड़काऊ एवं आपत्तिजनक गीतों पर पूरी तरह रोक रहेगी। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध विधिसम्मत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में उपस्थित थाना प्रभारी ने बताया कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा जुलूस मार्गों की निगरानी की जाएगी। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
शांति समिति के सदस्यों ने भी प्रशासन को सहयोग देने का आश्वासन दिया और कहा कि क्षेत्र में सद्भाव और सौहार्द बनाए रखने में आमजन की भूमिका महत्वपूर्ण है। बैठक के अंत में सभी से शांतिपूर्ण ढंग से पर्व मनाने की अपील की गई।

