मुआवजा राशि वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु उपायुक्त ने बैंकर्स के साथ की महत्वपूर्ण बैठक समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में मुआवजा राशि के वितरण को पूर्णतः पारदर्शी, सुरक्षित एवं लाभुक-केन्द्रित बनाने के उद्देश्य से जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त, गोड्डा श्रीमती अंजली यादव की अध्यक्षता में जिले के विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।*
*बैठक का मुख्य उद्देश्य मुआवजा राशि वितरण प्रक्रिया में किसी भी प्रकार के बिचौलिया अथवा अनधिकृत हस्तक्षेप की भूमिका को पूर्णतः समाप्त करना तथा लाभुकों को सीधे उनके बैंक खातों में राशि उपलब्ध कराना सुनिश्चित करना था।*
*उपायुक्त ने बैठक के दौरान स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि मुआवजा राशि का भुगतान केवल बैंकिंग माध्यम से ही किया जाए तथा इसमें पूरी पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि वास्तविक लाभुकों को ही योजना का लाभ प्राप्त हो और किसी भी प्रकार की अनियमितता की कोई गुंजाइश न रहे।*
*उपायुक्त ने लाभुक परिवारों के हितों को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां संभव हो, लाभुक परिवार के पति-पत्नी के संयुक्त (जॉइंट) बैंक खाता खुलवाए जाएं, जिससे राशि के उपयोग में पारिवारिक सहमति एवं सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।* *इसके अतिरिक्त, उन्होंने एकमुश्त प्राप्त होने वाली मुआवजा राशि को सुरक्षित रखने हेतु फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) के विकल्प पर भी विचार करने को कहा, ताकि राशि का दीर्घकालिक उपयोग सुनिश्चित हो सके।*
*बैठक में निर्देश दिया गया कि मुआवजा राशि के उपयोग से संबंधित मामलों में अनावश्यक ऑनलाइन ट्रांजैक्शन को सीमित रखा जाए, ताकि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी या दुरुपयोग की संभावना को रोका जा सके।*
*उपायुक्त ने बैंक अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि सभी लाभुकों के बैंक खाते पूर्णतः सक्रिय (Active) रहें तथा राशि अंतरण की प्रक्रिया में किसी प्रकार की तकनीकी या प्रक्रियात्मक बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि बैंक स्तर पर समन्वय स्थापित कर समयबद्ध एवं त्रुटिरहित भुगतान सुनिश्चित किया जाए।*
*इसके अतिरिक्त, लाभुकों को जागरूक करने के उद्देश्य से बैंक शाखाओं द्वारा विशेष जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया, ताकि लाभुक किसी भी प्रकार के बिचौलियों या भ्रामक जानकारी से बच सकें और सीधे बैंकिंग प्रणाली के माध्यम से लाभ प्राप्त करें।*
*बैठक में निर्णय लिया गया कि मुआवजा वितरण प्रक्रिया की नियमित रूप से मॉनिटरिंग की जाएगी तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता, शिकायत अथवा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध त्वरित एवं सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।*
*बैठक में अपर समाहर्ता ,गोड्डा श्रीमती प्रेमलता मुर्मू, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी श्री रितेश जयसवाल, एलडीएम गोड्डा, श्री चंदन कुमार चौहान सहित अन्य संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।*