साहिबगंज, प्रतिनिधि।
चैती दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर सकरूगढ़ स्थित मां दुर्गा मंदिर में श्रद्धा, आस्था और भक्ति से ओतप्रोत वातावरण के बीच उद्घाटन समारोह भव्य रूप से सम्पन्न हुआ। पूजा पंडाल को आकर्षक सजावट एवं मनमोहक विद्युत सज्जा से सुसज्जित किया गया है, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर हो उठा।

उद्घाटन समारोह में नगरपरिषद अध्यक्ष रामनाथ पासवान, डीएसपी विजय कुशवाह तथा एसडीपीओ किशोर तिर्की ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं नारियल फोड़कर विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों एवं श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने समारोह की गरिमा को और बढ़ा दिया।
उद्घाटन उपरांत नगरपरिषद अध्यक्ष, डीएसपी, एसडीपीओ, नगर प्रभाग इंस्पेक्टर एवं थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता ने मां दुर्गा के चरणों में शीश नवाकर साहिबगंज जिले की समस्त जनता के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना करते हुए विधिवत पूजा-अर्चना की।
समारोह के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि चैती दुर्गा पूजा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक समरसता और आपसी सौहार्द का भी संदेश देती है। उन्होंने आयोजन समिति को भव्य आयोजन के लिए बधाई देते हुए शांतिपूर्ण एवं अनुशासित ढंग से पूजा सम्पन्न कराने का आह्वान किया।
पूजा समिति की ओर से बताया गया कि इस वर्ष विशेष रूप से भव्य पंडाल एवं आकर्षक सजावट की गई है। प्रतिदिन संध्या आरती, भजन-कीर्तन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव हो सके।
पूरे आयोजन को लेकर प्रशासन भी सतर्क है। सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि श्रद्धालु निर्भय होकर पूजा-अर्चना कर सकें। सकरूगढ़ में आयोजित इस चैती दुर्गा पूजा ने क्षेत्र में उत्साह और उल्लास का वातावरण बना दिया है।

