पीरपैंती में अदाणी फाउंडेशन द्वारा मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र का जीर्णोद्धार, सीएसआर के तहत चापाकल और स्ट्रीट लाइट की सौगात
भागलपुर जिले के पीरपैंती प्रखंड अंतर्गत हरिनकोल पंचायत के पहाड़िया टोला स्थित मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र का शुक्रवार को विधिवत उद्घाटन किया गया। यह केंद्र अदाणी फाउंडेशन द्वारा अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) पहल के अंतर्गत सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार कार्य पूर्ण करने के बाद ग्रामीणों को समर्पित किया गया। उद्घाटन अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने आंगनबाड़ी केंद्र में नामांकित बच्चों से आत्मीय संवाद किया और भविष्य में भी बेहतर शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय आदिवासी समाज के लोग शामिल हुए। ग्रामीणों ने इस पहल को गांव के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। आंगनबाड़ी केन्द्र को आकर्षक और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से केंद्र परिसर में टाइल्स एवं मार्बल का कार्य कराया गया है। बच्चों की शिक्षण गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए दीवारों पर आकर्षक रंग-रोगन किया गया है, जिससे वातावरण प्रेरणादायक और आनंददायक बन सके। इसके अतिरिक्त रसोईघर का निर्माण एवं मरम्मत कार्य भी संपन्न कराया गया है। बच्चों को स्कूल बैग, बैठने के लिए कुर्सियां तथा अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री भी उपलब्ध कराई गई है।
हैंडपंप और सोलर हाईमास्ट की सौगात
अदाणी फाउंडेशन ने पहाड़िया टोला में पेयजल की समस्या के समाधान के लिए दो चापाकलों की स्थापना भी की है। साथ ही गांव में 12 सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं, जिससे रात्रि में आवागमन सुगम हुआ है और ग्रामीणों को अतिरिक्त सुरक्षा एवं सुविधा मिली है। स्थानीय निवासियों ने इन प्रयासों के लिए संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया।
उद्घाटन समारोह में गणमान्य रहे उपस्थित कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिमन्यु कुमार, मुखिया दीपक सिंह, थाना प्रभारी नीरज कुमार, किसान चेतना एवं उत्थान समिति के अध्यक्ष श्रवण सिंह तथा वार्ड सदस्य रिज्जू पहाड़िया सहित अदाणी फाउंडेशन के और अदाकई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने इस पहल को सामाजिक उत्थान और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक सकारात्मक प्रयास बताया।