तीनपहाड़, संवाददाता।
तीनपहाड़ रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा यात्रियों को सुरक्षित यात्रा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान आरपीएफ के जवानों ने स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों से सीधे संवाद कर उन्हें सफर के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

अभियान के दौरान आरपीएफ कर्मियों ने यात्रियों को बताया कि ट्रेन में चढ़ते और उतरते समय विशेष सतर्कता बरतना बेहद जरूरी है। जल्दबाजी और असावधानी के कारण अक्सर चोरी और छिनतई जैसी घटनाएं सामने आती हैं। इसलिए यात्रियों को अपने मोबाइल, पर्स और अन्य कीमती सामान पर हर समय नजर बनाए रखने की सलाह दी गई।
जवानों ने खास तौर पर यह भी चेताया कि खिड़की के पास बैठकर मोबाइल का उपयोग करना जोखिम भरा हो सकता है। ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जिनमें चलती ट्रेन या प्लेटफॉर्म के पास से मोबाइल छीन लिए जाते हैं। यात्रियों से अपील की गई कि वे इस प्रकार की लापरवाही से बचें और सतर्क रहें।
आरपीएफ ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी यात्री को किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि पर संदेह हो, तो तुरंत रेलवे सुरक्षा हेल्पलाइन नंबर 309 पर सूचना दें। समय पर दी गई सूचना से त्वरित कार्रवाई संभव हो पाती है और अपराधों पर अंकुश लगाया जा सकता है।
अकेली महिला यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी विशेष जोर दिया गया। आरपीएफ ने कहा कि यात्रा के दौरान यदि किसी महिला को किसी प्रकार की असुरक्षा या भय महसूस हो, तो वह बिना देर किए हेल्पलाइन नंबर 309 पर कॉल कर अपनी लोकेशन साझा करे। इससे संबंधित व्यक्ति के खिलाफ तत्काल कार्रवाई कर उसे सख्त सजा दिलाने में मदद मिलती है।
इस जागरूकता अभियान का यात्रियों पर सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला। लोगों ने आरपीएफ की इस पहल की सराहना करते हुए इसे सुरक्षा के लिहाज से बेहद उपयोगी बताया। यात्रियों का कहना था कि ऐसे अभियानों से न केवल जागरूकता बढ़ती है, बल्कि सफर को सुरक्षित और सहज बनाने में भी मदद मिलती है।
