बरहरवा, प्रतिनिधि।
यात्रियों की सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करने तथा रेलवे संपत्ति की सुरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पूर्व रेलवे के मालदा मंडल अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा शनिवार को साहिबगंज में विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान सघन निगरानी और सक्रिय प्रवर्तन के तहत संचालित किया गया, जिसका उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना, अपराध की रोकथाम करना तथा यात्रियों में विश्वास बढ़ाना था।

यह अभियान मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन तथा मंडल सुरक्षा आयुक्त आरपीएफ/मालदा असीम कुमार कुल्लू के पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ। अभियान ने मंडल की यात्री सुरक्षा, संरक्षा एवं सेवा उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता को स्पष्ट रूप से दर्शाया।
इसी क्रम में आरपीएफ पोस्ट बड़हरवा को एक महत्वपूर्ण सफलता भी हाथ लगी। दिनांक 18 अप्रैल 2026 को तीनपहाड़ रेलवे स्टेशन पर गश्ती के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 01 के समीप एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया। तलाशी के दौरान उसके पास से तीन चोरी के मोबाइल फोन (एंड्रॉयड एवं आईफोन) तथा एक निजी मोबाइल बरामद किया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह साहिबगंज–बड़हरवा रेलखंड के बीच यात्रियों से मोबाइल चोरी कर उन्हें तीनपहाड़ स्टेशन पर बेचने की योजना बना रहा था। बरामद मोबाइलों में एक सैमसंग एंड्रॉयड और दो एप्पल आईफोन शामिल हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत ₹2,25,999 आंकी गई है।
आरपीएफ ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे जीआरपी/बड़हरवा के सुपुर्द कर दिया।
आरपीएफ मालदा मंडल की इस कार्रवाई ने एक बार फिर उनकी सतर्कता, तत्परता और समर्पण को उजागर किया है। बल द्वारा यात्रियों की सुरक्षा, जरूरतमंदों की सहायता तथा रेलवे परिसर और ट्रेनों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं।
