पर्यटन सर्किट बनाकर साहिबगंज को विकसित करने की जरूरत – राजमहल विधायक
गोपाल शर्मा
झारखंड/ साहिबगंज।
झारखंड के साहिबगंज जिले ने इस वर्ष पहली बार पूर्वोत्तर भारत के प्रमुख पर्यटन आयोजन कंचनजंघा टूरिस्ट फेस्टिवल में अपनी भागीदारी दर्ज की। सिलीगुड़ी (पश्चिम बंगाल) में आयोजित इस महोत्सव में झारखंड की ओर से पहल राजमहल विधायक मो. ताजउद्दीन उर्फ एमटी राजा द्वारा की गई।
“राजमहल और साहिबगंज जिला झारखंड का ऐसा इलाका है जो पश्चिम बंगाल की सीमा से सटा है और नॉर्थ ईस्ट को जोड़ने का कार्य करता है। यहां की पहाड़ियां, गंगा की अविरल धारा और समृद्ध ऐतिहासिक धरोहर विदेशी व देशी पर्यटकों को आकर्षित करती है। पर्यटन सर्किट बनाकर साहिबगंज को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय नक्शे पर स्थापित करने की जरूरत है।”:- विधायक मो. ताजउद्दीन उर्फ एमटी राजा
मुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री की पहल
उन्होंने बताया कि झारखंड सरकार के माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन एवं राज्य की नई सोच और ऊर्जा की प्रतीक श्रीमती कल्पना सोरेन के नेतृत्व में पर्यटन स्थलों को सजाने और संवारने की कवायद चल रही है। वहीं, राज्य के पर्यटन एवं खेल मंत्री श्री सुदिव्य कुमार सोनू के प्रयासों से लगातार नए पर्यटन स्थलों का विकास किया जा रहा है।

विधायक एमटी राजा ने अपने संबोधन में साहिबगंज के ऐतिहासिक और प्राकृतिक स्थलों की विशेषताओं को विस्तार से रेखांकित किया—
राजमहल की पहाड़ियां और गंगा तट की रमणीयता
उधवा बर्ड सेंचुरी, जहां सर्दियों में साइबेरियन पक्षियों का आगमन होता है
राजकीय माघी पूर्णिमा मेला (राजमहल), जिसे ‘आदिवासियों का महाकुंभ’ भी कहा जाता है
मोतीझरना जलप्रपात, भोगनाडीह (सिद्धो-कान्हू की जन्मस्थली), बरहेट (पंचकठिया क्रांति स्थल)
विश्व प्रसिद्ध कन्हाई नाट्यशाला, इस्कॉन मंदिर, जामी मस्जिद, बाराद्वारी, फॉसिल्स पार्क सहित कई धरोहर स्थल

झारखंड के अन्य प्रमुख स्थल भी आकर्षण का केंद्र
राजमहल विधायक ने पूरे झारखंड के पर्यटन स्थलों की भी जानकारी दी, जिनमें शामिल हैं—
रांची के हुंडरू, जोन्हा और दसम फॉल्स, बिरसा जूलॉजिकल पार्क, जगन्नाथ व दिउड़ी मंदिर, रामगढ़ का रजरप्पा मंदिर, गिरिडीह का पारसनाथ पर्वत, दुमका का मसानजोर डैम, बाबा बासुकीनाथ मंदिर, धनबाद का मैथन डैम व पंचेत डैम तथा देवघर का बाबा बैद्यनाथ धाम और त्रिकूट पर्वत।

बेहतर कनेक्टिविटी
विधायक ने बताया कि नॉर्थ ईस्ट से झारखंड तक कई रेल सेवाएँ उपलब्ध हैं। साथ ही रांची और देवघर एयरपोर्ट से पर्यटकों का आवागमन और सुगम हो गया है।

साहिबगंज वीडियो प्रस्तुति और प्रचार सामग्री
फेस्टिवल में साहिबगंज जिला प्रशासन द्वारा तैयार किया गया वीडियो फुटेज, फ्लेक्स बैनर और हजारों की संख्या में वितरित हैंडबिल भी प्रदर्शित किए गए। इनमें जिले तक पहुँचने के साधन, दूरी और अन्य आवश्यक जानकारियाँ दी गईं।
स्थानीय नागरिकों और व्यवसायियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि—
“पहली बार झारखंड सरकार और विधायक के प्रयास से दूसरे राज्यों के साथ समन्वय स्थापित कर साहिबगंज को पर्यटन के क्षेत्र में जोड़ा गया है। यह जिले की ऐतिहासिक पहल है।”
तीन दिवसीय महोत्सव में बड़ी भागीदारी
इस अवसर पर पूर्वोत्तर पर्यटन विशेषज्ञ और कार्यक्रम संयोजक राज बसु, प्रसिद्ध फुटबॉलर एवं भारतीय टीम के पूर्व कप्तान बाईचुंग भूटिया, भूटान के मेयर समेत पश्चिम बंगाल व अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
कंचनजंघा टूरिस्ट फेस्टिवल तीन दिवसीय आयोजन है, जिसमें साहिबगंज की भागीदारी ने नए पर्यटन अवसरों के द्वार खोले हैं।
