गोपाल शर्मा
झारखंड/ साहिबगंज।
झारखंड सशस्त्र पुलिस की 21वीं क्षेत्रीय खेल-कूद प्रतियोगिता 2025 का आयोजन JAP-2 रांची में 25 नवंबर से 28 नवंबर 2025 तक भव्य रूप से किया गया। इस प्रतियोगिता में झारखंड राज्य के विभिन्न जिलों में स्थापित सशस्त्र पुलिस बल की टीमों एवं खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

साहिबगंज जिला स्थित झारखंड सशस्त्र पुलिस बल संख्या 9 (JAP-9) की टीम ने भी समादेष्टा महोदया श्रीमती कुसुम पुनिया के नेतृत्व और मार्गदर्शन में प्रतियोगिता में भाग लिया। JAP-9 के जवानों ने कई प्रतिस्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा और अनुशासन का परिचय दिया।
JAP-9 का शानदार प्रदर्शन — हासिल किए कई पदक
साहिबगंज के सशस्त्र जवानों ने प्रतियोगिता में निम्नलिखित महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं—
- कुश्ती में : 1 स्वर्ण पदक एवं 1 रजत पदक
- पंजा लड़ाई में : 1 स्वर्ण पदक
- वेट लिफ्टिंग में : 1 स्वर्ण पदक
- बैडमिंटन में : तीसरा स्थान
- टेबल टेनिस एवं फुटबॉल में : उपविजेता
इन उपलब्धियों ने JAP-9 का मनोबल बढ़ाया और जिले का नाम राज्य स्तर पर रोशन किया।
जिला पदाधिकारियों ने दी शुभकामनाएं
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी खिलाड़ियों को समादेष्टा महोदया, पुलिस उपाधीक्षक, लाइन बाबू, सुबेदार सहित पूरे JAP-9 परिवार की ओर से हार्दिक बधाई दी गई। अधिकारियों ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन और शानदार प्रदर्शन ने एक बार फिर साबित कर दिया कि झारखंड सशस्त्र पुलिस बल के जवान केवल सुरक्षा में ही नहीं, बल्कि खेल के मैदान में भी अपने पराक्रम का लोहा मनवाते हैं।

