साहिबगंज, प्रतिनिधि।
बुधवार को विद्या भारती विद्यालय अंतर्गत जमुनादास केदारनाथ चौधरी सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, साहिबगंज के वंदना कक्ष में शिशु वाटिका (कक्षा अरुण, उदय एवं प्रभात) के भैया-बहनों के अभिभावकों की गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के समग्र विकास, शैक्षणिक गुणवत्ता और अभिभावकों की सहभागिता को सुदृढ़ करना था।

गोष्ठी का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य सुनील पंडित, शिशु वाटिका के साहिबगंज विभाग प्रमुख किरण कुमारी गुप्ता, सह प्रमुख निर्मला कुमारी, टीनू कुमारी एवं उपस्थित अभिभावकों द्वारा सरस्वती माता, ओंकार एवं भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर किया गया।
इस अवसर पर किरण कुमारी गुप्ता ने शिशु वाटिका की बारह प्रमुख व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि इन व्यवस्थाओं के माध्यम से बच्चों का पठन-पाठन अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित किया जा सकता है। उन्होंने अभिभावकों से विद्यालय के साथ समन्वय बनाकर बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहयोग करने की अपील की।
वहीं, सह प्रमुख निर्मला कुमारी ने अभिभावकों को बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण पर विशेष ध्यान देने की सलाह देते हुए कहा कि बच्चों को घर का बना हुआ पौष्टिक आहार ही उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि कक्षाओं का संचालन क्रियात्मक विधि से किया जाता है, जिसमें अभिभावकों की सक्रिय भूमिका अत्यंत आवश्यक है।
प्रधानाचार्य सुनील पंडित ने अपने संबोधन में बच्चों में अनुशासन और समय पालन की महत्ता पर जोर दिया।
उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों को मोबाइल फोन से दूर रखें तथा निर्धारित दिवस के अनुसार वेश-भूषा में विद्यालय भेजें। साथ ही शैक्षणिक गुणवत्ता को और बेहतर बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
गोष्ठी में कुल 40 अभिभावकों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन द्वारा अभिभावकों को धन्यवाद देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग बनाए रखने की अपेक्षा जताई गई।
