साहिबगंज, संवाददाता।
राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (एनआईओएस) द्वारा आयोजित सेकेंडरी एवं सीनियर सेकेंडरी परीक्षाएं जिले के केंद्रीय विद्यालय, साहिबगंज केंद्र पर सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं। मंगलवार को सीनियर सेकेंडरी स्तर के तहत केमिस्ट्री, पॉलिटिकल साइंस एवं मास कम्युनिकेशन विषयों की परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।

परीक्षा केंद्र पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रहीं और परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। केंद्राधीक्षक सह विद्यालय के प्राचार्य श्री प्रमोद कुमार मिश्रा के नेतृत्व में परीक्षा की पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता एवं अनुशासन के साथ संपन्न कराई गई। इस दौरान विद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मियों ने भी सक्रिय सहयोग निभाया, जिससे परीक्षा संचालन व्यवस्थित ढंग से हो सका।
एनआईओएस के ओएसडी प्रो. कमल कुमार महावर ने भी परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और परीक्षा संचालन को संतोषजनक बताया। निरीक्षण उपरांत उन्होंने अपनी रिपोर्ट एनआईओएस के रीजनल सेंटर को प्रेषित कर दी।
केंद्र पर सुरक्षा एवं अनुशासन के विशेष इंतजाम किए गए थे, जिससे परीक्षा निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हो रही है। परीक्षार्थियों में भी परीक्षा को लेकर उत्साह एवं गंभीरता देखी गई।
प्रशासन एवं विद्यालय प्रबंधन के समन्वित प्रयासों से परीक्षा का सफल संचालन सुनिश्चित किया जा रहा है, जो आगामी परीक्षाओं के लिए भी एक सकारात्मक संकेत है।
