मंडरो/मिर्जाचौकी, संवाददाता।
मिर्जाचौकी थाना क्षेत्र के मोती झील गांव में 50 वर्षीय संझली सोरेन की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना को लेकर मृतका के पुत्र तल्लू मरांडी के बयान पर मिर्जाचौकी थाना में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

घटना के संबंध में मृतका के एक अन्य पुत्र प्रकाश मरांडी ने बताया कि वह बांझी में लगे मेले को देखने गया हुआ था। मेला देखकर जब वह वापस अपने घर लौटा तो उसने अपनी मां को लहूलुहान अवस्था में मृत पाया। इस दृश्य को देखकर परिवार में कोहराम मच गया और आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए।
सूचना मिलते ही मिर्जाचौकी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के दौरान मामले को गंभीरता से लेते हुए दो संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, हत्या के पीछे के कारणों का अब तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। मामले की गहराई से जांच की जा रही है ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। इस संबंध में कांड संख्या 34/26 दर्ज कर एक व्यक्ति को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
इधर, इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
स्थानीय लोग जल्द से जल्द मामले के खुलासे और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच तेजी से जारी है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।
