उपायुक्त हेमंत सती ने की स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक
साहिबगंज, प्रतिनिधि।
जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं जनोन्मुखी बनाने की दिशा में समाहरणालय सभागार में उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्थापना से संबंधित कार्यों के साथ-साथ विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) समेत संचालित प्रमुख स्वास्थ्य कार्यक्रमों की बिंदुवार समीक्षा की गई। उपायुक्त ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि उपलब्ध संसाधनों का समुचित उपयोग सुनिश्चित किया जाए तथा मानवबल की कमी को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाना और आम नागरिकों को सुलभ, सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उपायुक्त ने विशेष रूप से मलेरिया उन्मूलन अभियान की प्रगति पर जोर देते हुए निर्देश दिया कि संवेदनशील एवं प्रभावित क्षेत्रों में नियमित जांच, दवा वितरण एवं जन-जागरूकता अभियान को तेज किया जाए। उन्होंने कहा कि मलेरिया जैसे मौसमी रोगों की रोकथाम के लिए समन्वित प्रयास आवश्यक हैं, ताकि समय रहते नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान ने विभागीय गतिविधियों, उपलब्धियों एवं चुनौतियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, टीकाकरण कार्यक्रमों की गति तथा मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।
समीक्षा बैठक में जिले के सभी चिकित्सा पदाधिकारी (MOIC) एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जनहित में स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने का निर्देश दिया।

