साहिबगंज, प्रतिनिधि।
रेलवे प्रशासन द्वारा बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर रोक लगाने के उद्देश्य से लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में मालदा मंडल के अंतर्गत साहिबगंज रेलवे स्टेशन पर सोमवार को विशेष मजिस्ट्रेट टिकट जांच अभियान संचालित किया गया। अभियान मंडल रेल प्रबंधक, मालदा मनीष कुमार गुप्ता के निर्देश एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कार्तिक सिंह के पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ।

इस विशेष जांच अभियान में रेलवे न्यायिक मजिस्ट्रेट राहुल कुमार की उपस्थिति रही, जिससे अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया गया। जांच के दौरान वाणिज्य निरीक्षक, टिकट जांच कर्मियों (टीटीई) तथा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों ने संयुक्त रूप से स्टेशन परिसर एवं ट्रेनों में व्यापक जांच की।

अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा, बिना बुक किए सामान ले जाने तथा स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाने जैसे मामलों में कुल 81 यात्रियों को पकड़ा गया। इन सभी मामलों में रेलवे अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 28,810 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के विशेष जांच अभियान का मुख्य उद्देश्य रेलवे के राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करना, टिकटिंग नियमों का कड़ाई से पालन कराना तथा यात्रियों में जिम्मेदार और अनुशासित यात्रा व्यवहार को बढ़ावा देना है।
मालदा मंडल ने सभी यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पूर्व वैध टिकट अवश्य लें और रेलवे नियमों का पालन करें, ताकि अनावश्यक दंड और असुविधा से बचा जा सके। साथ ही, स्टेशन एवं ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने में भी यात्रियों से सहयोग की अपेक्षा की गई है।
