आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन, पोषण ट्रैकर, APAAR ID और पोषाहार वितरण की समीक्षा में कई बिंदुओं पर जताई नाराजगी
साहिबगंज, प्रतिनिधि।
समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में उपायुक्त श्री दीपक कुमार दुबे की अध्यक्षता में समाज कल्याण विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति का आकलन करना तथा लंबित कार्यों में तेजी लाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देना था।

समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण, संचालन एवं आधारभूत सुविधाओं की स्थिति पर विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने पोषण ट्रैकर में शत-प्रतिशत एवं नियमित डेटा प्रविष्टि सुनिश्चित करने का कड़ा निर्देश दिया।

साथ ही जिन आंगनबाड़ी केंद्रों में विद्युत सुविधा उपलब्ध नहीं है, वहां शीघ्र विद्युतीकरण कराने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
प्रधानमंत्री जन-मन योजना की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने “धरती आबा” से जुड़ी गतिविधियों के सुचारू संचालन के लिए विभागीय आवंटन प्राप्त करने हेतु शीघ्र पत्राचार करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आंगनबाड़ी केंद्रों में सेविका एवं सहायिका के रिक्त पदों पर चिंता व्यक्त करते हुए उपायुक्त ने सभी रिक्तियों को जल्द भरने का निर्देश दिया, ताकि लाभुकों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंच सके।
APAAR ID की प्रगति पर असंतोष जताते हुए उन्होंने सभी पंचायतों में विशेष शिविर आयोजित कर इस कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही आधार नामांकन कार्य को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा।
बैठक में सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना सहित अन्य योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
पोषाहार वितरण की समीक्षा के दौरान उपलब्ध आंकड़ों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उपायुक्त ने अगले दस दिनों के भीतर कार्य पूर्ण करने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार पदाधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, परियोजना निदेशक आईटीडीए संजय कुमार दास, संबंधित सीडीपीओ, महिला पर्यवेक्षिका एवं अन्य विभागीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
