गोपाल शर्मा
झारखंड/ साहिबगंज।
झारखंड राज्य की रजत जयंती समारोह श्रृंखला के अंतर्गत आज राजमहल में व्यापक स्वच्छता अभियान का सफल आयोजन किया गया। यह अभियान सूर्य देव मंदिर से सिंधी दलान तक चलाया गया, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों से लेकर आम नागरिकों तक ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

अभियान का नेतृत्व अनुमंडल पदाधिकारी राजमहल श्री सदानंद महतो, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री मोहम्मद यूसुफ, तथा नगर पंचायत राजमहल के कार्यपालक पदाधिकारी (ई.ओ.) ने संयुक्त रूप से किया। सभी अधिकारियों ने स्वयं झाड़ू उठाकर सफाई अभियान में हिस्सा लिया और लोगों को स्वच्छता के महत्व का संदेश दिया।

इस अभियान में भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के सदस्य, जल सहिया, सखी मंडल की दीदियाँ, नगर पंचायत के कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए। सभी प्रतिभागियों ने हाथों में झाड़ू लेकर पूरे मार्ग की सफाई की और लोगों को “स्वच्छता ही सेवा” का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान कार्यपालक पदाधिकारी ने स्काउट्स से अपने-अपने विद्यालयों में स्वच्छता का संदेश फैलाने का अनुरोध किया। साथ ही उन्होंने जल सहियाओं से अपने समुदायों में स्वच्छ जल और स्वच्छता के महत्व को प्रचारित करने, तथा सखी मंडल की दीदियों से अपने स्व-सहायता समूहों के माध्यम से स्वच्छता अभियान को गाँव-गाँव तक पहुँचाने का आह्वान किया।
अधिकारियों ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जन-सहभागिता के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखना, स्वच्छ एवं सुंदर राजमहल का निर्माण करना, तथा “स्वच्छ झारखंड – सुंदर झारखंड” के संकल्प को साकार करना है।
कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों ने प्रतिभागियों को धन्यवाद देते हुए उन्हें स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प दिलाया।

